Assam CM: कांग्रेस ने बुधवार से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) शुरू की है। 3,500 किलोमीटर की यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी। इसी यात्रा को लेकर कांग्रेस से बीजेपी में शामिल और असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा का एक बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। अपने बयान के बाद से असम के मुख्यमंत्री, कांग्रेस के निशाने पर हैं।

Assam CM: राहुल को पाकिस्तान में करनी चाहिए यात्रा
असम के मुख्यमंत्री हमेशा ही अपने बयानों से भारतीय राजनीति में चर्चा का विषय बने रहते हैं। इस बार वे कांग्रेस के द्वारा निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर दिए गए अपने बयान से चर्चा में हैं। मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि “भारत 1947 में कांग्रेस के रहते विभाजित हो गया था। अगर वे भारत जोड़ो यात्रा करना चाहते हैं, तो राहुल गांधी को पाकिस्तान में यात्रा करना चाहिए। भारत में इस यात्रा को करने के क्या फायदे हैं? भारत जुड़ा हुआ है और एकजुट है। मैं राहुल गांधी को सुझाव देना चाहता हूं कि भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम को पाकिस्तान ले जाएं। ”
बता दें कि मुख्यमंत्री का यह बयान कांग्रेस की यात्रा शुरू होने से एक दिन पहले यानी मंगलवार को आया है। वहीं, अपने बयान के बाद से ही असम के सीएम कांग्रेस के निशाने पर बने हुए हैं।
Himanta Biswa Sarma जहर उगलने का कर रहे हैं काम- भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा के बयान के बाद कांग्रेस के कई बड़े नेता उन्हें अपने निशाने पर ले रहे हैं। छतीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि ‘हेमंत बिस्वा सरमा जहर उगलने का काम कर रहे हैं। नए-नए मुल्ला हैं। पहले कांग्रेस में थे अब बीजेपी में गए हैं, तो नए मुल्ला ज्यादा प्याज खाते हैं। बीजेपी कहती है कि सारे मुसलमान को पाकिस्तान भेज दो और पाकिस्तान को अखंड भारत में मिला लो, तो भेजने का क्या मतलब ?’
वहीं, कांग्रेस के सीनियर नेता जयराम रमेश ने कहा कि ‘जिसे आज भी अपनी वफादारी हर बार साबित करनी पड़े, उसे सीरियस नहीं लेना चाहिए।’ उन्होंने कहा कि हेमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस में 20-25 साल रहे हैं। उसके बाद उन्हें हर रोज अपनी वफादारी साबित करनी पड़ती है। जयराम रमेश ने कहा कि सरमा हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं, इसलिए उन्हें अपनी वफादारी साबित करने के लिए अपमानजनक बयान देने पड़ते हैं। उन्होंने सरमा को बचकाना बताया।
क्या है कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा ?
कांग्रेस नेत्री और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने मंगलवार को कहा कि इस यात्रा के जरिए लोग महंगाई, बेरोजगारी समेत अन्य सभी मुद्दों पर एकजुट होंगे। उन्होंने कहा कि उनकी यह यात्रा देश में फैली नफरत के खिलाफ है। बता दें कि कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कन्याकुमारी से कश्मीर तक 150 दिनों की यात्रा है। यह यात्रा राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित की गई है। यात्रा में कुल 3,500 किलोमीटर की दूरी पैदल तय की जानी है। हर रोज लगभग 25 किलोमीटर की पदयात्रा की जाएगी। इस यात्रा में कांग्रेस नेताओं के साथ आम जनता भी शामिल होगी।
मिली जानकारी के अनुसार यात्रा में शामिल लोग किसी भी होटल में नहीं रुकेंगे। उनके लिए 60 कंटेनरों की व्यवस्था की गई है, जिनमें वे रात बिताएंगे। यह यात्रा कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी। इनमें कन्याकुमारी, कोच्चि, तिरुवनंतपुरम, नीलांबुर, बेल्लारी, रायचूर, मैसूर, विकाराबाद, नांदेड़, इंदौर, कोटास अलवर, बुलंदशहर समेत राजधानी दिल्ली, अंबाला, जम्मू, श्रीनगर और अन्य कई शहर शामिल हैं।
बता दें कि हेमंत बिस्वा सरमा असम के मुख्यमंत्री हैं। सरमा 23 अगस्त 2015 को दिल्ली में कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए थे। वे साल 2001 में पहली बार असम के जालुकबारी विधानसभा से विधायक चुने गए। वे वहां से पांच बार के विधायक रहे हैं। 10 मई 2021 को सरमा ने असम के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। फिलहाल, वे कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर दिए गए बयान को लेकर चर्चा में हैं।
यह भी देखेंः