देश में इस समय 1496 आईएएस अधिकारियों की कमी है। इस बात की जानकारी खुद केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दी। जिंतेंद्र सिंह ने कहा, कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के कुल 6,500 पदों के मुकाबले सिर्फ 5,004 आईएएस अधिकारी काम कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ये जानकारी राज्यसभा में लिखित में दी। वहीं जितेंद्र सिंह ने बताया है कि आईएएस अधिकारियों के खाली पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है।
उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक IAS अफसर
सरकार ने 2012 से ही आईएएस अधिकारियों को नियुक्त करने की सालाना संख्या को बढ़ा दिया है। हर साल 180 अधिकारी अधिक नियुक्त किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अधिकृत IAS अफसरों की संख्या 621 है जो कि पूरे देश में सबसे अधिक है। इसके बावजूद भी उत्तर प्रदेश में 100 से भी अधिक IAS अफसरों की कमी है। उत्तर प्रदेश के अलावा मध्य प्रदेश में 439, महाराष्ट्र में 361, तमिलनाडु में 376, पश्चिम बंगाल में 359 और बिहार में 342 अधिकृत IAS हैं, जो कि देश के अन्य राज्यों की तुलना में अधिक है।
IFS पद भी खाली
पिछली रिपोर्ट में देश में आईएफएस के पद भी खाली बताए गए थे। 560 आईएफएस अधिकारियों के पद खाली थे जबकि उनके मंजूर पदों की संख्या 3,157 है। रिपोर्ट में देश में कुल 2,597 आईएफएस ऑफिसर्स बताए गए थे। आईएफएस अधिकारियों के सर्वाधिक 46 पद महाराष्ट्र में खाली थे, उसके बाद मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा में 45-45 पद खाली बताए थे। ये रिपोर्ट पिछले साल इसी महीने में पेश की गई थी। फिलहाल सरकार इन खाली पदों को भरने की पूरी कोशिश कर रही हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट एपीएन