पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को डॉक्टर गुरप्रीत कौर से चंडीगढ़ में अपने घर पर एक निजी समारोह में शादी की। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा इस शादी में शामिल हुए।
राघव चड्ढा ने मुख्यमंत्री मान के दूल्हे के रूप में तैयार और शादी की रस्में निभाते हुए तस्वीरें शेयर की हैं। राघव चड्ढा ने एक तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया,’मान साहब को बहुत-बहुत बधाइयां।’ तस्वीर में चड्ढा और अरविंद केजरीवाल दूल्हे के साथ नजर आए।
बता दें कि 48 वर्षीय भगवंत मान डॉक्टर गुरप्रीत कौर से शादी कर रहे हैं। जिन्हें वह कुछ सालों से जानते हैं। 32 वर्षीय गुरप्रीत कौर ने पंजाब चुनाव प्रचार के दौरान भी मान की मदद की थी।
राघव चड्ढा ने मीडिया से कहा, “भगवंत मान की मां का सपना था कि वह दोबारा शादी करें और घर बसाएं। मैं उन्हें बधाई देता हूं। भगवान जोड़े को आशीर्वाद दें।”
बता दें कि भगवंत मान का छह साल पहले तलाक हो गया था और उनकी पिछली शादी से उनके दो बच्चे हैं। उनके बच्चे अपनी मां के साथ अमेरिका में रहते हैं। वे 16 मार्च को सीएम मान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आए थे।
एएनआई के अनुसार, शादी के मेन्यू में भारतीय और इटैलियन व्यंजन शामिल हैं। जिनमें कढ़ाई पनीर, तंदूरी कुलचे, दाल मखनी, नवरतन बिरयानी,मूंग दाल हलवा, शाही टुकड़ा, अंगूरी रसमलाई और ड्राई फ्रूट रबड़ी शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि अरविंद केजरीवाल, उनके परिवार और राघव चड्ढा के अलावा परिवार के बाहर किसी को भी आमंत्रित नहीं किया गया है।
दुल्हन गुरप्रीत कौर ने चार साल पहले हरियाणा के एक निजी विश्वविद्यालय से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की।
संबंधित खबरें…