हिमाचल के मंडी में शनिवार रात को हुए भूस्खलन की वजह से अब तक कुल 8 लोग मर चुके हैं। बीती रात एचआरटीसी की दो बसें लैंडस्लाइड की चपेट में आ गई, जिसमें करीब 50 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अब तक सिर्फ 8 लोगों के ही शव बरामद हो चुके हैं।
बता दें कि रात को करीब एक बजे पधर उपमंडल के कोटरूपी के पास भारी भूस्खलन हुआ, जिसमें यह दोनों बस चपेट में आ गई। गौरततलब है कि एक बस मनाली से चंबा की ओर जा रही थी तो वहीं दूसरी बस मनाली से कटरा जा रही थी।
घटनास्थल पर यात्रियों से भरी बस चाय-पानी के लिए रूकी हुई थी। जैसी ही पहाड़ी इस भूस्खलन में धंसी, इसकी चपेट में बस आ गई। अंधेरा होने की वजह से राहत कार्य में लगे लोगों को कई मुसीबतों का भी सामना करना पड़ा। घायलों को उपचार के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं एनडीआर के दर्जनों जवानों ने भी मौके पर बचाव कार्य और लापता लोगों के रेस्कयू का कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल मलबे में दबे लोगों को निकालने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है और प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस कर्मी पहले से ही मौके पर तैनात हैं। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के भी कोटरोपी पहुंचने की संभावना है।