बलरामपुर: गुप्त नवरात्र के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित प्रसिद्ध मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता की आरती उतारकर उत्तर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण भी किया और श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की।
मंदिर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं।
बच्चों से की मुलाकात, बांटी चॉकलेट
मंदिर परिसर में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार करने के दौरान कई बच्चे मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। योगी आदित्यनाथ ने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत की और उन्हें चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
विकास कार्यक्रमों के बाद पहुंचे थे बलरामपुर
मुख्यमंत्री मंगलवार को बहराइच और श्रावस्ती में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद बलरामपुर पहुंचे थे। उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया। बुधवार सुबह पूजा-अर्चना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, संतों और नागरिकों से मुलाकात की तथा इसके बाद गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
पूजा-अर्चना के दौरान महंत मिथिलेश नाथ योगी और कालीबाड़ी गोरखपुर के महंत रविंद्र दास सहित कई संत-धर्माचार्य उपस्थित रहे।









