UP News: OBC युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, मुफ्त O Level और CCC कंप्यूटर प्रशिक्षण; 10 जुलाई तक करें आवेदन

0
0

उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार नई पहल कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के छात्र-छात्राओं के लिए संचालित निशुल्क ‘O Level’ और ‘CCC’ कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना एक महत्वपूर्ण अवसर बनकर सामने आई है।

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पात्र अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 1 अगस्त 2026 से शुरू किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल कौशल से लैस कर रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

OBC युवाओं को मिलेगा मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण

योजना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र युवक-युवतियों को ‘O Level’ और ‘CCC’ (Course on Computer Concepts) का प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण भारत सरकार की NIELIT (National Institute of Electronics & Information Technology) से मान्यता प्राप्त संस्थानों के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित तकनीकी शिक्षा मिल सके।

क्या हैं पात्रता की शर्तें?

योजना का लाभ उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगा जिन्होंने इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण किया हो। साथ ही अभिभावकों की वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी किसी अन्य शिक्षण संस्थान से छात्रवृत्ति प्राप्त नहीं कर रहा हो। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर OBC युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ना है।

आवेदन करने के लिए यहां क्लिक करें – http://obccomputertraining.upsdc.gov.in

सरकार उठाएगी पूरी प्रशिक्षण लागत

‘O Level’ कंप्यूटर कोर्स की अवधि एक वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि CCC कोर्स तीन महीने में पूरा कराया जाता है। दोनों पाठ्यक्रम रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की दृष्टि से बेहद उपयोगी माने जाते हैं।

सरकार ‘O Level’ प्रशिक्षण पर प्रति छात्र 15,000 रुपये तथा CCC प्रशिक्षण पर 3,500 रुपये का पूरा खर्च स्वयं वहन करेगी। इससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की फीस नहीं देनी होगी और वे पूरी तरह निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

पिछले वर्ष 29 हजार से अधिक युवाओं ने उठाया लाभ

वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस योजना के तहत 29,191 युवाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें 22,407 विद्यार्थियों ने ‘O Level’ तथा 6,784 विद्यार्थियों ने ‘CCC’ कोर्स पूरा किया।

वर्तमान में प्रदेशभर में 299 प्रशिक्षण संस्थान इस योजना से जुड़े हैं। इनमें 52 संस्थान केवल O Level, 43 संस्थान केवल CCC, जबकि 204 संस्थान दोनों पाठ्यक्रमों का संचालन कर रहे हैं। इससे प्रदेश के अधिकांश जिलों में छात्रों को प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

10 जुलाई तक करें आवेदन

पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने पात्र युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल कौशल आज रोजगार का महत्वपूर्ण आधार बन चुका है और यह योजना युवाओं को आधुनिक तकनीक के अनुरूप तैयार करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।