केरल में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन-ड्राइवर से मारपीट; पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

0
0

केरलम (पूर्व में केरल) के मलप्पुरम जिले के वंडूर इलाके में कांग्रेस सांसद शशि थरूर Shashi Tharoor के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब थरूर यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने रास्ते में काफिले को रोक लिया और स्थिति जल्द ही तनावपूर्ण हो गई। जब काफिले के सुरक्षाकर्मी ने आगे चल रहे वाहन से रास्ता देने का अनुरोध किया, तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और आरोपियों ने सुरक्षाकर्मी और ड्राइवर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि यह घटना एक संकरी सड़क पर हुई, जहां दो वाहनों का काफिला गुजर रहा था। थरूर पहले वाहन में सवार थे, जबकि उनका गनमैन दूसरे वाहन में मौजूद था। हालात बिगड़ते देख गनमैन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का एक समूह दो वाहनों में सवार होकर आया था और उन्होंने जानबूझकर काफिले को रोका। इस मामले में गनमैन रतीश केपी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।