दिल्ली में ठंड बढ़ते ही हवा हुई जहरीली, आनंद विहार में AQI 350 के पार पहुंचा

0
0
दिल्ली में ठंड बढ़ते ही हवा हुई जहरीली
दिल्ली में ठंड बढ़ते ही हवा हुई जहरीली

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में हल्की ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह-शाम लोगों को ठंडक का एहसास होने लगा है, जबकि दोपहर में धूप से हल्की गर्माहट बनी रहती है। लेकिन इसी के साथ राजधानी की हवा लगातार बिगड़ती जा रही है। आनंद विहार सहित अक्षरधाम और आसपास के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता बेहद खराब स्तर तक पहुँच चुकी है।

मौसम विभाग के अनुसार 18 अक्टूबर को भी दिल्ली में शुष्क मौसम बना रहेगा। दिन में धूप के चलते गर्मी जैसा अहसास बरकरार है, वहीं शाम होते ही हल्की सर्द हवाएं चलने लगती हैं। इस मौसमी बदलाव के बीच हवा की रफ्तार धीमी होने से प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है।

तापमान में गिरावट, हवा की रफ्तार धीमी

इन दिनों राजधानी का अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान 18-21 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है। हवा की गति बेहद कम होने के कारण प्रदूषक तत्व ऊपर नहीं उठ पा रहे, जिससे वायु गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है।

दिवाली से पहले ही दिल्ली-एनसीआर की वायु स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। इसी कारण चार दिन पहले राजधानी में ग्रैप-1 लागू किया गया था। गुरुग्राम, नोएडा और फरीदाबाद में भी हवा की गुणवत्ता लगातार गिरावट की ओर है।

अगले पांच दिन राहत के आसार नहीं

मौसम पूर्वानुमान बताता है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में प्रदूषण के स्तर में कमी आने की उम्मीद भी बेहद कम है। दिवाली के बाद इससे और गंभीर स्थिति बन सकती है।

सुबह 8 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, आनंद विहार में AQI 382 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। जहांगीर पुरी में 308, विवेक विहार में 287, नरेला में 273, लोधी रोड पर 229 और आईटीओ पर 270 AQI दर्ज किया गया। अधिकांश इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच चुकी है।