
गुरुवार दोपहर अहमदाबाद में हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे में फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर की भी जान चली गई। हादसे के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर तेजी से फैलने लगी कि क्लाइव कुंदर बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी के कजिन थे। लेकिन अब विक्रांत ने खुद सामने आकर इस दावे को खारिज किया है।
विक्रांत मैसी ने सोशल मीडिया पर दी सफाई
प्लेन क्रैश के बाद विक्रांत मैसी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के ज़रिए दुख जताया था। उन्होंने लिखा था कि उनके अंकल क्लिफोर्ड कुंदर के बेटे क्लाइव कुंदर इस हादसे का शिकार हो गए हैं। इसी पोस्ट के बाद यह अफवाह फैल गई कि क्लाइव विक्रांत के कजिन थे। इस भ्रम को दूर करते हुए विक्रांत ने एक और स्टेटमेंट जारी किया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि क्लाइव उनके पारिवारिक मित्र थे, न कि रिश्तेदार।
“कुंदर फैमिली हमारे फैमिली फ्रेंड हैं” – विक्रांत
विक्रांत ने लिखा – “मीडिया और सोशल मीडिया पर जुड़े सभी साथियों से अनुरोध है कि दिवंगत श्री क्लाइव कुंदर को लेकर कोई गलतफहमी न फैलाएं। वो मेरे चचेरे भाई नहीं थे, बल्कि उनके परिवार से हमारा पारिवारिक संबंध है। कृपया इस दुख की घड़ी में उनके परिवार को शांति से शोक मनाने दें।”
हादसे की पूरी जानकारी
यह हादसा गुरुवार दोपहर उस वक्त हुआ जब एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 ने अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के समय विमान में 230 यात्री, 10 क्रू सदस्य और दो पायलट सवार थे।
एयर इंडिया के मुताबिक, इस त्रासदी में 242 में से 241 लोगों की मृत्यु हो गई। एयरलाइन ने शुक्रवार तड़के अपने आधिकारिक बयान में यह जानकारी साझा की। बचने वाला इकलौता यात्री सीट नंबर 11A पर बैठा हुआ था, जो फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।
मृतकों में किन-किन देशों के नागरिक थे?
हादसे में जान गंवाने वालों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक शामिल थे। वहीं जीवित बचा व्यक्ति एक भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है।