कर्नाटक के रायचूर जिले के एक गांव में कृष्णा नदी से भगवान विष्णु की एक प्राचीन मूर्ति मिली है जिसके चारों ओर सभी दसावतार उकेरे हुए हैं। खास बात ये है कि ये प्रतिमा बिल्कुल रामलला की नवनिर्मित प्रतिमा से मिलती-जुलती है। सूत्रों के मुताबिक भगवान विष्णु की ये प्रतिमा करीब हजार साल पुरानी बताई जा रही है। इस मूर्ति की विशेषता ये है कि यह मूर्ति बिल्कुल अयोध्या में नवनिर्मित, हाल ही में प्रतिष्ठित ‘राम लला’ की मूर्ति से मिलती जुलती हैं आपको बता दें कि अयोध्या में स्थापित की गई रामलला की प्रतिमा को मूर्तिकार अरुण योगिराज ने बनाया है। यह प्रभु श्रीराम के पाँच वर्षीय बालरूप को दर्शाती है।

भगवान विष्णु के इस विग्रह के साथ ही एक प्राचीन शिवलिंग भी मिला है।
कैसी दिखती है प्रतिमा?
भगवान विष्णु की इस प्रतिमा के चारों ओर ‘दशावतारों’ को उकेरा गया है। विष्णु जी की प्रतिमा के चार हाथ हैं। इसमें ऊपर के दो हाथों में शंख और चक्र जबकि नीचे के हाथ वरदान देने की मुद्रा में हैं। पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार ये प्रतिमा 11वीं या 12वीं शताब्दी की हो सकती है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रतिमा एक मंदिर के गर्भगृह का हिस्सा रही होगी। हो सकता है कि इसे मंदिर में हुई तोड़फोड़ से बचाने के लिए नदी में डाला गया होगा।