Japan Plane Fire : जापान में संकटों का दौर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। जहां एक ओर भूकंपों के झटकों ने जापान को बुरी तरह से हिला दिया है, वहीं अब टोक्यो से खबर आ रही है कि लैन्डिंग के दौरान एक प्लेन में आग लगी है। यह घटना जापान की राजधानी टोकियो के एयरपोर्ट पर हुई है। विदेशी मीडिया (जापानी न्यूज एजेंसी एनएचके) रिपोर्ट्स की मानें तो प्लेन की लैंडिंग के बाद एक अन्य विमान से टकराने के कारण आग की चपेट में गया। हालांकि, अभी दुर्घटना की पूरी वजह सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि प्लेन में 379 यात्री घटना के समय मौजूद थे।
सोशल मीडिया और कई विदेशी मीडिया चैनलों पर इस घटना का वीडियो जारी किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्लेन की खिड़की और प्लेन नीचे से आग की लपटें उठ रही हैं। जापानी मीडिया के अनुसार, जिस प्लेन में आग लगी है उसका नंबर JAL 516 था और इस विमान ने होक्काइडो से उड़ान भरी थी। जापानी मीडिया ने यह भी बताया कि JAL 516 प्लेन जापान के स्थानीय समयानुसार 16:00 बजे न्यू चिटोस हवाई अड्डे से रवाना हुआ और 17:40 बजे हानेडा में उतरने वाला था। दो विमानों में से एक विमान जापान एयरलाइंस का जबकि दूसरा विमान कोस्ट गार्ड का बताया जा रहा है। सभी 379 यात्रियों, विमान पायलट और विमान क्रू को सही सलामत बाहर निकाल लिया गया है।
कोस्ट गार्ड के विमान से हुई थी टक्कर
जापानी मीडिया, जापान टाइम्स के मुताबिक, कोस्ट गार्ड का एक विमान हानेडा एयरपोर्ट पर जापान एयरलाइंस के प्लेन से टकरा गया, जिसमें कुल 6 लोग मौजूद थे, कोस्ट गार्ड टीम ने अपने पायलट को बाहर निकाल लिया लेकिन 5 अन्य लोग लापता बताए गए। हालांकि, सभी को अब ढूंढ़ लिया गया है।
1985 में हुआ था सबसे भयानक प्लेन एक्सीडेंट
बता दें कि बीते कई दशकों से जापान में बड़ी विमान दुर्घटना नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साल 1985 में सबसे भयानक प्लेन एक्सीडेंट हुआ था। उस वर्ष एक विमान (JAL Jumbo Jet) जब राजधानी टोक्यो से ओसाका की ओर जा रहा था तो सफर के दौरान मध्य गुनमा इलाके में उसका एक्सीडेंट हो गया था। इस दुर्घटना में 520 यात्रियों समेत पायलट और विमान क्रू की मौत हो गई थी।