डोकलाम पर भारत और चीन के मध्य जारी तनाव के बीच चीनी मीडिया ने यह आश्चर्यजनक बयान दिया है। चीनी सरकार का माउथपीस माने जाने वाले सरकारी शिन्हुआ चैनल ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा है कि एशिया चीनी ड्रैगन और भारतीय हाथी का है। भारत और चीन स्वाभाविक दुश्मन नहीं हैं और दोनों देशों का एक समृद्ध सांस्कृतिक साझा इतिहास रहा है। चीनी सरकार ने यह भी स्वीकार किया कि भारत के साथ युद्ध से चीन को फायदा नहीं बल्कि नुकसान ही होगा।
आपको बता दें कि चीन ने इससे पहले ‘सेवन सिंस’ नाम से एक वीडियो जारी किया था जिसमें भारत का मजाक उड़ाते हुए उसके 7 पाप गिनाए गए थे। इस विडियो में एक महिला एंकर ने डोकलाम मुद्दे को लेकर भारत पर कई झूठे और गलत आरोप लगाए थे।
लेकिन अब यू-टर्न लेते हुए चीन ने कहा है कि डोकलाम विवाद दोनों देशों के रणनीतिक भरोसे में कमी का नतीजा है। यह एक रणनीतिक अदूरदर्शिता भी हो सकती है, जिससे दोनों देशों के हितों को नुकसान पहुंच रहा है।
वीडियो में कहा गया है कि चीन भारत का स्वाभाविक दुश्मन नहीं है इसीलिए भारत को चीन के क्षेत्र से अपने सैनिकों को तुरंत और बिना शर्त वापस बुला लेना चाहिए और भविष्य में होने वाले किसी गलत फैसले को लेकर सावधान रहना चाहिए।
हिंदी-चीनी भाई-भाई का संदेश देते हुए वीडियो में कहा गया है कि मिल-जुलकर रहने से दोनों देशों के 2.7 बिलियन लोगों को लाभ ही होगा और आपस में किसी भी तरह की शत्रुतापूर्ण प्रतिद्वंदिता ख़तरनाक हो सकती है।
वीडियो के अंत में कहा गया है कि दोनों देशों को एक दूसरे के प्रति खोया हुआ विश्वास फिर से प्राप्त करना होगा। आखिरकार आने वाला एशिया का भविष्य चीनी ड्रैगन और भारतीय हाथी पर निर्भर है।