Russia Ukraine War: इस साल के शुरुआत में शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War:) थमने का नाम नहीं ले रहा। यह युद्ध हाल ही में और तेज तब हो गया, जब क्रीमिया ब्रिज पर हमला हुआ। बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 70वें जन्मदिन के एक दिन बाद क्रीमिया ब्रिज पर हमला हुआ। उसके बाद से रूस (Russia) और क्रीमिया के बीच यातायात बंद हो गया है। हमले के बाद से रूस ने यूक्रेन पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दागनी शुरू कर दी हैं। वहीं, यूक्रेन भी जवाबी कार्रवाई में लगा हुआ है।

Russia Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर किया हमला
बताया जा रहा है कि क्रीमिया ब्रिज पर हुए हमले से रूस गुस्से में है। उसने ब्रिज पर हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है। इसके बाद से अब रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को मिसाइलों से टारगेट करना शुरू कर दिया है। यूक्रेन ने कहा है कि रूस की सेना ने पिछले 24 घंटे में 75 मिसाइलें दागी हैं। इसके साथ ही यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। यूक्रेन की मानें, तो उसने रूस के 9 से 12 कामिकेज ड्रोन को मार गिराया है। बताया गया कि इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सुरक्षा परिषद की आपातकाल मीटिंग भी बुलाई है।

रूस के हमले में यूक्रेन के खारकीव, लीव, कीव और पोलटावा जैसे बड़े शहरों में आग लग गई है। लोग डरे सहमे हैं और वहां से भाग रहे हैं। बता दें कि रूस ने युद्ध की शुरुआत में भी इनमें से कुछ शहरों को अपना निशाना बनाया था। वहीं, अब इन शहरों पर फिर से दोबारा हमला किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, इन शहरों में इंटरनेट की सेवा खत्म हो गई है और बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके साथ ही रूसी मिसाइल अटैक से कीव में जर्मन दूतावास का वीजा भवन भी तबाह हो गया है। हमले में काफी क्षति हुई है।
रूस के हमले पर क्या बोले यूक्रेन के विदेश मंत्री?
बता दें कि रूस लगातार यूक्रेन पर हमला कर रहा है। हमले से यूक्रेन में तबाही के अलावा और कुछ नहीं दिख रहा है। वहीं, इस बीच यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री कुलेबा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा ” ऐसा नहीं है कि क्रीमिया ब्रिज पर अटैक के बाद पुतिन भड़क गए हैं या फिर हमने उन्हें उकसा दिया है, बल्कि रूस इस पुल पर अटैक से पहले भी यूक्रेन पर लगातार मिसाइलें दाग रहा था। ” विदेश मंत्री ने दावा कि है कि युद्ध में हारने के कारण पुतिन परेशान और हताश हैं। वे युद्ध को जीतने के लिए मिसाइलों से अटैक कर रहे हैं।
यूक्रेन की स्पेशल फोर्स ने क्रीमिया ब्रिज पर किया हमला- पुतिन
मालूम हो कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गत 7 अक्टूबर को अपना 70वां जन्मदिन मनाया था। उसके एक दिन बार क्रीमिया ब्रिज पर जोरदार ब्लास्ट हो गया। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि क्रीमिया पुल को ब्लास्ट करना आतंकी गतिविधियों की तरह है। इस काम को यूक्रेन की स्पेशल फोर्स ने अंजाम दिया है। पुतिन ने यह भी कहा कि यूक्रेन ने तुर्की स्ट्रीम पाइपलाइन को भी उड़ाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि रूस के खिलाफ यूक्रेन हमला करता रहेगा, तो इसका कठोर जवाब दिया जाएगा। वहीं, हमले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए थे।

3.6 बिलियन डॉलर में बना है क्रीमिया ब्रिज
बता दें कि क्रीमिया ब्रिज काला सागर और आज़ोव सागर को जोड़ने वाले केर्च जलडमरूमध्य में बनाया गया था। यह पुल 19 किलोमीटर लंबा है और इसे यूरोप के सबसे लंबे पुल के रूप में जाना जाता है। 2014 में रूस द्वारा क्रीमिया पर कब्जा करने के बाद, इस क्षेत्र के साथ संचार बनाए रखने के लिए पुल का निर्माण किया गया था। पुल की लागत 3.6 बिलियन डॉलर है और 2018 में इसे यातायात के लिए खोल दिया गया था।
यह भी पढ़ेंः
Crimea Bridge Blast: रूस को क्रीमिया से जोड़ने वाला पुल भारी विस्फोट से ढहा, लगी भीषण आग; दखें VIDEO
आखिर क्यों Mulayam Singh Yadav को बनानी पड़ी थी समाजवादी पार्टी? जानें वजह…