Pope Francis Death: पोप फ्रांसिस का निधन, 88 वर्ष की उम्र में वेटिकन सिटी में ली आखिरी सांस

0
4
Pope Francis Death
Pope Francis Death

88 वर्षीय पोप फ्रांसिस का निधन हो गया है। वह लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे और निमोनिया की गंभीर स्थिति के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वेटिकन सिटी में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु की खबर से पूरी दुनिया में फैले करीब 1.4 अरब कैथोलिक अनुयायियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। 14 फरवरी को पोप को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया था, लेकिन स्वास्थ्य में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ।

एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार, वेटिकन के कार्डिनल केविन फेरेल ने पोप फ्रांसिस के निधन की आधिकारिक जानकारी साझा की। बीते रविवार को वे पीटर्स स्क्वायर में आयोजित सामूहिक प्रार्थना सभा में शामिल नहीं हो सके थे, और उनकी तबीयत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टर्स ने उन्हें पूरी तरह आराम करने की सलाह दी थी।

वेटिकन सिटी का आधिकारिक बयान

वेटिकन प्रशासन की ओर से जारी बयान में कहा गया: “आज सुबह 7:35 बजे, रोम के धर्मगुरु पोप फ्रांसिस प्रभु के चरणों में लौट गए। उन्होंने अपने जीवन को चर्च और विश्वास की सेवा में समर्पित किया था।” लगभग 38 दिनों तक वे अस्पताल में भर्ती रहे, जहां डबल निमोनिया की वजह से हालत बिगड़ती चली गई।

ईस्टर प्रार्थना से रहे थे अनुपस्थित

पोप फ्रांसिस ने इस साल ईस्टर प्रेयर सर्विस में हिस्सा नहीं लिया था। उनकी जगह यह दायित्व कार्डिनल एंजेलो कोमोस्त्री को सौंपा गया था। हालांकि प्रार्थना के समापन के बाद वे चर्च की बालकनी में दिखाई दिए, जहां उन्हें देखने हजारों श्रद्धालु जुटे थे और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

बचपन से एक ही फेफड़े के सहारे जीवित रहे

गौरतलब है कि पोप फ्रांसिस बचपन से ही केवल एक फेफड़े के सहारे जीवित थे, क्योंकि दूसरी ओर का फेफड़ा शारीरिक कारणों से हटाना पड़ा था। इस कारण, निमोनिया का असर उनके लिए बेहद घातक साबित हुआ और अंततः उन्होंने वेटिकन सिटी में अंतिम सांस ली।