मेक्सिको की फातिमा के सिर सजा Miss Universe 2025 का ताज, जानें भारत की मनिका विश्वकर्मा किस स्थान पर रहीं

0
0

Miss Universe 2025: थाईलैंड के बैंकॉक में आज आयोजित हुए मिस यूनीवर्स 2025 (Miss Universe 2025) के ग्रैंड फिनाले में मेक्सिको की खूबसूरत और कॉन्फिडेंट फातिमा बॉश ने इस साल का ताज अपने नाम कर लिया। भारतीय समयानुसार सुबह 6:30 बजे शुरू हुए इस भव्य इवेंट में 100 से अधिक देशों की ब्यूटी क्वीन्स ने हिस्सा लिया। ऐतिहासिक और कड़ी टक्कर वाले मुकाबले में फातिमा ने अपनी परफॉर्मेंस, एलिगेंस और दमदार जवाबों से सबको पीछे छोड़ दिया।

फाइनल रैंकिंग में कोट डी आइवर फर्स्ट रनरअप, थाईलैंड सेकेंड रनरअप, वेनेजुएला थर्ड रनरअप और फिलीपींस चौथे रनरअप के रूप में रहीं। इस बार भारत की 22 वर्षीय प्रतिभाशाली प्रतियोगी मनिका विश्वकर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद थीं, लेकिन वह टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं।

फाइनलिस्ट की दमदार लिस्ट

फाइनल स्टेज पर पहुंचने वाली प्रतिभागियों में चिली, कोलंबिया, क्यूबा, ग्वाडेलोप, मेक्सिको, प्यूर्टो रिको, वेनेजुएला, चीन, फिलीपींस, थाईलैंड, माल्टा और कोट डी आइवर की कंटेस्टेंट शामिल थीं।

जैसे ही मेक्सिको की फातिमा का नाम विनर के रूप में पुकारा गया, पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। फातिमा का रिएक्शन तो ऐसा रहा जैसे उन्हें यकीन ही नहीं हुआ, क्योंकि यह जीत मेक्सिको के लिए बेहद खास — और मेहनत से कमाया हुआ ताज था।

फातिमा का दमदार जवाब बना जीत की सबसे बड़ी वजह

क्वेश्चन-आंसर राउंड में फातिमा से पूछा गया, “2025 में एक महिला होने की सबसे बड़ी चुनौती क्या है, और आप मिस यूनिवर्स का ताज पाकर दुनिया भर की महिलाओं के लिए सुरक्षित माहौल कैसे बनाएंगी?”

फातिमा ने शांत, स्पष्ट और आत्मविश्वासी अंदाज़ में जवाब देते हुए कहा कि आज भी महिलाओं को सुरक्षा, समान अवसर और सामाजिक स्वीकार्यता जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन आधुनिक पीढ़ी इन मुद्दों पर चुप रहने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा, “हम यहां बोलने, बदलाव लाने और साथ मिलकर इतिहास बनाने के लिए हैं।”

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाएं अब नेतृत्व संभाल रही हैं, सवाल उठा रही हैं और वे बातचीतों को बदल रही हैं जिनसे कभी उन्हें बाहर रखा जाता था।

भारत की मनिका टॉप 12 से बाहर

भारत की उम्मीदें राजस्थान की मनिका विश्वकर्मा पर टिकी थीं, जिन्होंने पूरे प्रतियोगिता में अपनी गरिमा और आत्मविश्वास बनाए रखा। हालांकि वह टॉप 12 में जगह नहीं बना पाईं। भारतीय फैंस के लिए यह पल निराशा भरा जरूर है, लेकिन मनिका की उपस्थिति ने मंच पर भारत का सम्मान और सौंदर्य दोनों ही शानदार तरीके से प्रस्तुत किया।

फातिमा कुछ समय पहले थीं बड़े विवाद का हिस्सा

मिस यूनिवर्स 2025 का ताज अपने नाम करने वाली मेक्सिको की फातिमा बॉश भले ही आज दुनिया भर में चर्चा का केंद्र बनी हों, लेकिन जीत से पहले उन्हें एक बड़े विवाद का सामना करना पड़ा था। इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी कॉन्टेस्ट के माहौल को काफी गर्मा दिया था।

जानकारी के अनुसार, फाइनल से करीब दो हफ्ते पहले एक मीटिंग के दौरान मिस यूनिवर्स की मेजबान नवात इत्सराग्रिसिल ने फातिमा की सार्वजनिक तौर पर आलोचना कर दी थी। लाइव स्ट्रीम किए गए इस सेशन में नवात ने फातिमा के लिए डमहेड (मूर्ख) शब्द का उपयोग किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी चौंक गए।

इस अपमानजनक टिप्पणी से आहत होकर फातिमा बॉश ने ड्रामेटिक अंदाज में मीटिंग से वॉकआउट कर दिया था। इसके साथ ही अन्य देशों की कई महिला प्रतिभागियों ने भी प्रोटेस्ट करते हुए वॉकआउट कर दिया था। इस घटना ने सोशल मीडिया पर भारी बहस छेड़ दी थी और कई लोगों ने नवात के व्यवहार को गैर-पेशेवर और अपमानजनक बताया था।