अमीर लोगों की सूची में कई बड़े चेहरे शामिल है जिनमें से एक नाम दुनियाभर में मशहूर है बिल गेट्स। आपको बता दें कि बिल गेट्स ने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति होने का ताज़ अपने नाम बरकरार रखा है। माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स चौथी बार दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में शामिल हुए हैं। बिल गेट्स की संपत्ति 86 अरब डॉलर आंकी गई है और वह लगातार चार साल टॉप 10 सूची में शामिल हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर बर्कशायर हैथवे के चीफ वारेन बफेट हैं जिनकी संपत्ति 75.6 अरब डॉलर है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संपत्ति काफी घटी है और वह लिस्ट में काफी नीचे चले गए हैं। दुनिया के सबसे ताकतवर देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सूची में 220 स्थान फिसलकर 544वें स्थान पर आ गए हैं। उनकी संपत्ति 3.5 अरब डॉलर है। टॉप 10 की लिस्ट में अमेजन के फाउंडर जेफ बेजॉस तीसरे नंबर पर हैं, फेसबुक के सीईओ और को-फाउंडर मार्क जुकरबर्ग 5वें और ओरेकल के को-फाउंडर लैरी एलिसन 7वें नंबर पर हैं।
हालांकि इस सूची में 101 भारतीयों को भी शामिल किया गया है, लेकिन टॉप 10 में किसी भी भारतीय को जगह नहीं मिली। बता दें कि भारतीयों में सबसे आगे रिलायंस कंपनी के सीईओ मुकेश अंबानी को 33वां स्थान हासिल हुआ है। जिसके बाद लक्ष्मी मित्तल 56वें स्थान पर है जिनकी संपत्ति 16.4 अरब डॉलर है। तो वहीं दूसरी ओर अजीम प्रेमजी 72वें नंबर पर हैं, उनकी कुल संपत्ति 12.2 अरब डॉलर है। इस बार चार भारतीय महिलाओं को भी इस लिस्ट में जगह मिली है। इनमें 303वें स्थान पर सावित्री जिंदल, 814वें स्थान पर स्मिता कृष्णा , 973वें स्थान पर गोदरेज किरण मजूमदार शॉ और 1030वें स्थान पर लीना तिवारी शामिल हैं।
फोर्ब्स के अनुसार, दुनिया में अरबपतियों की संख्या पिछले साल के मुकाबले 13% बढ़कर 2043 हो गई है। यह मैग्जीन 31 सालों से यह लिस्ट प्रकाशित कर रही है, और इस साल की लिस्ट में सबसे ज्यादा बढ़ोत्तरी देखी गई है। जिसमें 565 अमेरिका के अरबपति शामिल हैं।
टॉप 10 अरबपतियों की संपत्ति
बिल गेट्स – 86 अरब डॉलर
वारेन बफेट – 75.6 अरब डॉलर
जेफ बेजॉस- 72.8 अरब डॉलर
अमानिको ओर्टेगा- 72.2 अरब डॉलर
मार्क जुकरबर्ग- 70.0 अरब डॉलर
कार्लोस स्लिम – 59.5 अरब डॉलर
लैरी एलिसन- 52.2 अरब डॉलर
चार्ल्स कोच- 48.3 अरब डॉलर
डेविड कोच- 48.3 अरब डॉलर
माइकल ब्लूमबर्ग- 47.5 अरब डॉलर