Weather Update: देश के तमाम राज्यों में मानसून की बारिश देखने को मिल रही है। दिल्ली- एनसीआर में शनिवार की सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी है। वीकेंड पर हो रही इस बारिश से दिल्ली का मौसम सुहाना हो गया है। लोग मौसम का आनंद ले रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार 30 जुलाई को दिनभर बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का सिलासिला जारी रहने वाला है।
वहीं अगर तापमान की बात करें तो राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली समेत नोएडा में बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। शुक्रवार रात से ही दिल्ली- एनसीआर में बारिश देखने को मिल रही है जो आज पूरे दिन भी हो सकती है।

Weather Update: यूपी में कैसा रहेगा मौसम
नोएडा में आज सुबह से ही हल्की मध्यम बारिश हो रही है। बारिश से शहर का मौसम काफी खुशनुमा हो गया है। वहीं बात करें प्रदेश की राजधानी लखनऊ की तो आज न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहेगा और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रह सकता है। लखनऊ में आज गरज के साथ बारिश के आसार है। गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में आज बारिश होने की संभावना जताई है। ग्रामीण इलाकों में बारिश होने से फसलों को लाभ मिलेगा। किसानों को मानसून की इस बारिश का बेसब्री से इंतजार है।
Weather Update: इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई राज्य बारिश से सराबोर रहेंगे। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की समस्या देखी गई है। दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में रात से हो रही बारिश के कारण सड़को पर पानी भर गया है जिससे आने- जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का समाना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, सिक्किम, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों और दक्षिण में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश की आशंका है।
बिहार, दिल्ली, झारखंड,ओडिशा, छत्तीसगढ़, गंगीय पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल, कोंकण व गोवा और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश लोगों को भिगो सकती है। गुजरात, पश्चिम मध्य प्रदेश, तटीय तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, लद्दाख और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
संबंधित खबरें: