UP BJP President: भूपेन्द्र चौधरी को उत्तर प्रदेश का नया बीजेपी अध्यक्ष बना दिया गया है। भूपेन्द्र चौधरी योगी मंत्रिमंडल के कैबिनेट मंत्री हैं। भूपेन्द्र चौधरी यूपी के जाट समाज से आते हैं। बताया जा रहा पार्टी ने यह दांव 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए खेला है। बुधवार को ही भूपेन्द्र चौधरी ने दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी जिसके बाद से इनके यूपी बीजेपी अध्यक्ष बनाए जाने के कयास तेजी से लगाए जाने लगे थे। आपको बता दें, भूपेन्द्र सिंह उत्तर प्रदेश में स्वतंत्र देव सिंह की जगह लेंगे।
UP BJP President: लगा बधाइयों का तांता
यूपी बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद से भूपेन्द्र सिंह को नेताओं और मंत्रियों ने बधाई देना शुरू कर दिया है। यूपी बीजेपी ने अपनी आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, “भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।”
भूपेन्द्र चौधरी की राजनीति में ऐसे हुई थी एंट्री
भूपेन्द्र चौधरी का जन्म मुरादाबाद के महेंद्री सिकंदरपुर गांव के एक किसान परिवार में हुआ था। इन्होंने 12वीं तक पढ़ाई की है। इनके राजनीतिक करियर की शुरूआत विश्व हिन्दू परिषद का सदस्य बनने के बाद से हुई। वीएचपी के जरिए भूपेन्द्र चौधरी 1991 में बीजेपी से जुड़े। 2016 में चौधरी पहली बार यूपी विधान परिषद के सदस्य चुने गए। इससे पहले उन्हें बीजेपी क्षेत्रीय अध्यक्ष चुना गया था। भूपेंद्र चौधरी 1999 में सपा संस्थापक मुलायम सिंह के खिलाफ लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन वे उस चुनाव में हार गए थे।
UP BJP President: ये है पार्टी की रणनीति
भूपेन्द्र चौधरी को यूपी बीजेपी अध्यक्ष बनाकर पार्टी जाट समाज और पश्चिमी यूपी क्षेत्र में अपनी पकड़ को मजबूत करना चाहती है। यह फैसला 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए लिया गया है। भूपेन्द्र चौधरी के जरिए पार्टी जाटों के प्रभाव वाली डेढ़ दर्जन लोकसभा सीटों पर अपने आप को मजबूत कर सकती है।
त्रिपुरा और हिमाचल में भी हुआ बदलाव
बीजेपी ने यूपी के साथ ही त्रिपुरा और हिमाचल प्रदेश में भी संगठन में भी कुछ बदलाव किए हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रभारी नियुक्त किए गए हैं तो वहीं, देवेंद्र सिंह राणा को चुनाव सह प्रभारी बना दिया गया है। त्रिपुरा में राजीव भट्टाचार्य को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।
संबंधित खबरें: