हेमंत सोरेन ने झारखंड में रामदास सोरेन को बनाया मंत्री, चंपई सोरेन आज होंगे बीजेपी में शामिल

0
8
हेमंत सोरेन ने झारखंड में रामदास सोरेन को बनाया मंत्री
हेमंत सोरेन ने झारखंड में रामदास सोरेन को बनाया मंत्री

घाटशिला विधान सभा क्षेत्र से JMM विधायक रामदास सोरेन ने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड के कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ लेने से पहले घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन ने शुक्रवार को सबसे पहले राजधानी रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।

मंत्री पद की शपथ लेने से पहले विधायक व उनकी पत्नी के पूरे परिवार के सदस्यों के संग गुरूजी के आवास पहुंचे। बता दें कि रामदास सोरेन को गुरुजी का काफी भरोसेमंद भी माना जाता रहा है। इसी वजह से भी उन्हें हेमंत कैबिनेट में चंपई सोरेन के जाने के बाद स्थान मिला है। रामदास सोरेन घाटशिला विधानसभा से झामुमो के विधायक हैं और साथ ही वह पूर्वी सिंहभूम से झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हैं। पार्टी में वह चंपई सोरेन के बाद कोल्हान के दूसरे सबसे वरिष्ठ नेता हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने झामुमो से नाता तोड़ लिया है। बुधवार को उन्होंने झामुमो की प्राथमिक सदस्यता समेत मंत्री पद से भी इस्तीफा दे दिया था। लंबे समय से चल रहे राजनीतिक अटकलों को विराम लगाते हुए बीजेपी ज्वॉइन करने का फैसला कर लिया है। इस बीच हेमंत सोरेन की कैबिनेट में घाटशिला से विधायक रामदास सोरेन हेमंत सरकार में 12वें मंत्री होंगे।

बता दें, चंपाई सोरेन ने दो हफ्ते पहले ही झामुमो छोड़ने का ऐलान कर दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए लिखा- ‘जुलाई को पार्टी द्वारा विधायक दल की बैठक बुलायी गयी थी। जिसके बारे में मुझसे साझा नहीं किया गया था और यहां तक कि मेरे सभी कार्यक्रमों को भी स्थगित करवा दिया गया। जिसके बाद मैंने उसी दिन कह दिया था कि आज से मेरे जीवन का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।’