सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की आज लखनऊ में सगाई

0
6
सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई आज
सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई आज

भारतीय क्रिकेट टीम के होनहार खिलाड़ी रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज की सगाई का आयोजन आज रविवार (8 जून) को लखनऊ स्थित फाइव स्टार होटल सेंट्रम के फलकर्न हॉल में किया जाएगा।

इस खास मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव और जया बच्चन समेत कई प्रमुख राजनीतिक और खेल जगत की हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर सुरक्षा के भी खास इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों को बारकोड स्कैनिंग पास के जरिए एंट्री दी जाएगी, जबकि प्राइवेट सिक्योरिटी के साथ-साथ पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

सपा विधायक और प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने इस रिश्ते की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों परिवारों की सहमति से यह समारोह हो रहा है और इसमें सिर्फ करीबी और पारिवारिक लोग मौजूद रहेंगे। वहीं, इस बहुप्रतीक्षित जोड़ी की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज में तय की गई है।

इस सगाई कार्यक्रम में मेहमानों के लिए खास व्यंजनों की सूची भी सामने आई है, जिसमें दम आलू बनारसी, दाल लखनवी, कढ़ी पकौड़ा, भिंडी मसाला, पनीर टिक्का लवाबदार, जीरा राइस, वेज हक्का नूडल्स, वेज मंचूरियन, मूंग दाल हलवा, शाही टुकड़ा, रबड़ी, इमरती, दही भल्ला, पापड़ी चाट, मिक्स वेज रायता, पाइनएप्पल रायता, पापड़, चाय, कॉफी, वैनिला आइसक्रीम और कूकीज जैसी कई डिशेज शामिल हैं।

बताया जाता है कि प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के माध्यम से हुई थी। प्रिया जहां सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं, वहीं रिंकू सिंह अपने बेहतरीन क्रिकेट प्रदर्शन के चलते लोगों के बीच खास पहचान बना चुके हैं। इन दोनों की जोड़ी इस वक्त सोशल मीडिया और आम जन में खासा चर्चा का विषय बनी हुई है।