Chandauli Crime: शनिवार सुबह चंदौली जिले में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। भाजपा (BJP) जिला उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप मौर्या के भाई संतोष मौर्या (45) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात नगर के वार्ड नंबर 7 में उस वक्त हुई जब संतोष दो पक्षों के बीच चल रही कहासुनी को शांत कराने पहुंचे थे।
सुबह करीब 9 बजे हुए इस विवाद में डॉ. मौर्या के दूसरे भाई संजय मौर्या और आरोपी देवेंद्र उर्फ प्रकाश जायसवाल के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही थी। बहस बढ़ने पर आरोपी अपने घर से हथियार लेकर लौटा और गोली चला दी। गोली संतोष मौर्या को जा लगी। घायल हालत में उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में भारी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हत्या की खबर फैलते ही नगर में तनाव का माहौल बन गया। अस्पताल में मृतक के परिजनों और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल रहा। संतोष मौर्या की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आरोपी गिरफ्तार, नगर में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी देवेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष अतुल प्रजापति ने बताया कि आरोपी पहले से दबंग प्रवृत्ति का है और कई बार लोगों को धमकाने की घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस ने इस मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, इलाके में किसी भी संभावित अशांति को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है।