अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Under 19 World Cup 2026) का फाइनल भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा खास जगह रखेगा। वजह सिर्फ भारत का दमदार प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक ऐसे बल्लेबाज का उदय है, जिसने बेहद कम उम्र में बड़े मंच पर असाधारण खेल दिखाकर पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भारत के 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने इंग्लैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में 80 गेंदों पर 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।
वैभव की इस पारी ने न सिर्फ भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि उन्हें यूथ वनडे क्रिकेट के इतिहास की टॉप-10 सबसे बड़ी पारियों की सूची में भी शामिल कर दिया। यह पारी फाइनल मुकाबले में खेली गई अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है, जिसने पहले के सभी रिकॉर्ड्स को पीछे छोड़ दिया।
फाइनल में सबसे तेज शतक, सबसे बड़ी पारी
इंग्लैंड के खिलाफ दबाव भरे फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। अन्य अंडर 19 युथ वनडे की सूची में वे केवल विल मलाजचुक से पीछे हैं, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में 51 गेंदों में सेंचुरी जड़ी थी।
सबसे तेज 150
शतक के बाद भी वैभव रुके नहीं। उन्होंने आक्रामकता का गियर और तेज किया और सिर्फ 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए। यह अंडर-19 वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन का नया रिकॉर्ड है, जिससे उन्होंने इंग्लैंड के बेन मायस का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 98 गेंदों में 150 रन बनाए थे।
इससे पहले वे घरेलू क्रिकेट में, विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान भी 59 गेंदों में 150 रन बनाकर लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
15 चौके, 15 छक्के और 218.75 का स्ट्राइक रेट
वैभव की 175 रनों की पारी पूरी तरह से आक्रामक क्रिकेट का नमूना थी। उन्होंने इस दौरान 15 चौके और 15 छक्के लगाए। 15 छक्कों के साथ उन्होंने यूथ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अपना ही पुराना रिकॉर्ड (14) भी तोड़ दिया।
218.75 के स्ट्राइक रेट से रन बनाना यह दिखाता है कि वैभव ने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर किस स्तर का दबाव बनाया। फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में इतनी आक्रामक बल्लेबाजी करना उनकी असाधारण मानसिक मजबूती को दर्शाता है।
भारत के लिए ऐतिहासिक योगदान
भारत को फाइनल में 250 रन के पार पहुंचाने में वैभव सूर्यवंशी का योगदान सबसे अहम रहा। शुरुआती विकेट गिरने के बाद उन्होंने पारी को संभाला और फिर एकतरफा अंदाज में इंग्लैंड की रणनीतियों को ध्वस्त कर दिया। उनकी पारी ने मैच की दिशा पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दी।
दिग्गजों के साथ टॉप-10 में शामिल
वैभव सूर्यवंशी की यह पारी अब यूथ वनडे क्रिकेट की टॉप-10 सबसे बड़ी पारियों में शामिल हो चुकी है। इस सूची में वे भारत के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले 2002 में अम्बाती रायडू (Ambati Rayudu) ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 177 रन बनाए थे।
इस एलीट क्लब में दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के दिग्गज यूथ बल्लेबाजों के नाम शामिल हैं, जिनके बीच वैभव की मौजूदगी भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बड़ा संकेत है।
यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-10 बल्लेबाज
- जेजेएच वैन शाल्कवाइक (दक्षिण अफ्रीका) – 215 रन, बनाम ज़िम्बाब्वे अंडर-19 (2025)
- यूएमवी चामुदिता (श्रीलंका) – 192 रन, बनाम जापान अंडर-19 (2026)
- एचआरबी बोयागोडा (श्रीलंका) – 191 रन, बनाम केन्या अंडर-19 (2018)
- बीए मायस (इंग्लैंड) – 191 रन, बनाम स्कॉटलैंड अंडर-19 (2026)
- जेजेएनपी भुला (न्यूज़ीलैंड) – 180 रन, बनाम केन्या अंडर-19 (2018)
- टीपी डोरोपोलोस (ऑस्ट्रेलिया) – 179* रन, बनाम इंग्लैंड अंडर-19 (2003)
- अंबाती रायुडू (भारत) – 177* रन, बनाम इंग्लैंड अंडर-19 (2002)
- डीजे पैगन (वेस्टइंडीज) – 176 रन, बनाम स्कॉटलैंड अंडर-19 (2002)
- वैभव सूर्यवंशी (भारत) – 175 रन, बनाम इंग्लैंड अंडर-19 (2026)
- डीडब्ल्यू लॉरेंस (इंग्लैंड) – 174 रन, बनाम फिजी अंडर-19 (2016)
टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाज
फाइनल की इस ऐतिहासिक पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी मौजूदा वर्ल्ड कप (ICC Under 19 World Cup 2026) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 449 रन, 41 चौके और 30 छक्के लगाए।
भारतीय क्रिकेट को मिला नया सितारा
इतनी कम उम्र में लगातार बड़े रिकॉर्ड बनाना यह साबित करता है कि वैभव सूर्यवंशी सिर्फ एक टूर्नामेंट स्टार नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य बन सकते हैं। अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का यह फाइनल लंबे समय तक वैभव की ऐतिहासिक पारी के लिए याद किया जाएगा।









