भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर आईसीसी मंच पर अपनी ताकत साबित करते हुए टी20 वर्ल्ड कप (ICC Men’s T20 World Cup 2026) के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। सुपर-8 चरण के आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज को हराकर भारत ने न सिर्फ नॉकआउट टिकट पक्का किया, बल्कि टूर्नामेंट में अपना दबदबा भी कायम रखा। वर्ल्ड कप के इस 10वें संस्करण में टीम इंडिया ने अब तक 7 मुकाबलों में 6 जीत दर्ज की हैं और सिर्फ एक मैच गंवाया है।
5 मार्च को सेमीफाइनल में भारत का सामना इंग्लैंड (England cricket team) से होगा। यह तीसरी बार होगा जब टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे।
2007: ऑस्ट्रेलिया पर ऐतिहासिक जीत
टी20 वर्ल्ड कप के पहले संस्करण (2007) में भारत ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया (Australia cricket team) को हराया था। उस मुकाबले में युवराज सिंह (70) और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (36) की आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गेंदबाजी में एस श्रीसंत (2 विकेट) और इरफान पठान (2 विकेट) ने अहम भूमिका निभाई। स्कोर की बात करें तो टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 188/5 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में कंगारू टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर केवल 173 तक ही चेज कर सकी। यह जीत भारत को पहले टी20 खिताब की ओर ले गई। इसके बाद फाइनल में पकिस्तान को अंतिम ओवर में हरकार पहले टी20 चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
हालांकि, इसके बाद तीन संस्करण – 2009, 2010 और 2012 तक, भारतीय टीम सेमीफइनल में प्रवेश करने में नाकामयाब रही थी।
2014: दक्षिण अफ्रीका पर दबदबा
2014 में भारत ने सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका (South Africa national cricket team) को मात दी। विराट कोहली (72 रन) की अर्धशतकीय मैच जिताऊ पारी और शांत दिमाग ने भारत को फाइनल में पहुंचाया। प्रोटियाज टीम ने सेमीफाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 172/4 रन बनाए थे। हालांकि, मेन इन ब्लू ने 173 रनों के लक्ष्य को चार विकेट के नुकसान पर (19.1 ओवर) ही भेद दिया। उस मैच में भारतीय गेंदबाजों ने भी सटीक लाइन-लेंथ से दबाव बनाए रखा, भारत के लिए दिग्गज स्पिन ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने 3 विकेट झटके। हालांकि, टीम इंडिया को फाइनल में जाकर श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा था।
2016: वेस्टइंडीज से दिल तोड़ने वाली हार
घरेलू सरजमीं (ईडन गार्डन्स स्टेडियम) पर खेले गए 2016 सेमीफाइनल में भारत को वेस्टइंडीज (West Indies cricket team) के हाथों हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192/2 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। विराट ने लेकिन लेंडल सिमंस (82 नाबाद) की पारी और कैरेबियाई बल्लेबाजों (जॉनसन चार्ल्स और आंद्रे रसल) की आक्रामकता ने भारत के सपने तोड़ दिए। यह हार भारतीय फैंस के लिए काफी दर्दनाक रही।
2022: इंग्लैंड का एकतरफा मुकाबला
2022 में इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में भारत को करारी शिकस्त दी। यहां पर भी टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168/6 का स्कोर खड़ा किया। किंग कोहली(50) और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या (63) ने कोशिश की लेकिन भारतीय बल्लेबाजी क्रम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी और इंग्लिश ओपनर जोड़ी, अलेक्स हेल्स (86) और जॉस बटलर(80) ने लक्ष्य बिना विकेट खोए, 4 ओवर शेष रहते हासिल कर लिया। यह भारत के लिए आत्ममंथन का मौका था।
2024: इंग्लैंड से बदला पूरा, फिर बने विश्व विजेता
2024 के संस्करण में भारत ने इंग्लैंड से सेमीफाइनल में बदला लिया। इस बार भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और बल्लेबाजों ने संयमित पारी खेली। इस नॉकऑउट मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 171/7 का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया था। कप्तान रोहित शर्मा ने 57 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी। वहीं, इंग्लैंड केवल 103 रन बनाकर ऑल आउट हो गई थी। मैच के हीरो भारतीय स्टार ऑल राउंडर अक्षर पटेल लिए जिन्होंने निचले क्रम में पहले बल्ले से रन ठोके और फिर गेंदबाजी में 3 अहम विकेट झटक कर इंग्लिश टीम की नाक में दम कर दिया। यह जीत भारतीय टीम की मानसिक मजबूती का प्रतीक बनी। इस वर्ष भारत न सिर्फ फइनल में पहुंचा बल्कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में रोमांचक जीत दर्ज की।
2026: इतिहास दोहराने का मौका
2026 में टीम इंडिया ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर बेहद प्रभावशाली अंदाज़ में तय किया है। सुपर-8 के अहम मुकाबले में संजू सैमसन की 97* रन की नाबाद पारी इस अभियान की सबसे बड़ी झलक रही, जिसने दबाव भरे मैच में भारत को जीत दिलाई। यह सिर्फ एक बड़ी पारी नहीं थी, बल्कि जिम्मेदारी और मैच फिनिशिंग क्षमता का शानदार उदाहरण थी। अब भारतीय टीम के सामने मौका है कि वह 2007, 2014 और 2024 की तरह एक और यादगार सेमीफाइनल प्रदर्शन दोहराए। फाइनल में जगह बनाने के लिए यह आखिरी और निर्णायक पड़ाव है।
अब तक का सेमीफाइनल रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत ने अब तक 5 सेमीफाइनल खेले थे, जिनमें 3 में जीत और 2 में हार मिली। 2026 के साथ यह छठा सेमीफाइनल होगा।
- 2007 – जीत (बनाम ऑस्ट्रेलिया)
- 2014 – जीत (बनाम दक्षिण अफ्रीका)
- 2016 – हार (बनाम वेस्टइंडीज)
- 2022 – हार (बनाम इंग्लैंड)
- 2024 – जीत (बनाम इंग्लैंड)
अब 2026 में एक बार फिर इंग्लैंड सामने है—एक ऐसा मुकाबला जो पुराने हिसाब बराबर करने और नए इतिहास लिखने का अवसर दे सकता है।
क्या कहती है मौजूदा फॉर्म?
भारतीय टीम का संतुलन इस बार खास नजर आ रहा है। टॉप ऑर्डर से लेकर फिनिशर्स तक सभी ने योगदान दिया है। गेंदबाजी आक्रमण भी लय में दिख रही है। कप्तान की रणनीति और युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भारत को खिताब का प्रबल दावेदार बना रहा है।
सेमीफाइनल की जंग अब सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि इतिहास में एक और अध्याय जोड़ने का मौका है। सवाल यही है—क्या ‘मेन इन ब्लू’ चौथी बार फाइनल का सपना साकार कर पाएंगे?









