अन्तराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी से इस्तीफा दे चुके भारत के सबसे सफलतम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब आईपीएल में भी कप्तानी नहीं करेंगे। पुणे सुपरजाइंट्स की ओर से आईपीएल में खेलने वाले धोनी ने टीम प्रबंधन से खुद कप्तानी छोड़ने की बात कही थी। धोनी का सम्मान करते हुए टीम प्रबंधन ने ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ को नया कप्तान बनाया है। प्रबंधन ने धोनी से स्टीव को सहयोग देने की उम्मीद भी जताई है। इससे पहले स्मिथ धोनी की कप्तानी में पुणे सुपरजाइंट्स की ओर से आईपीएल में खेल चुके हैं। पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान बनाये गए स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया टीम के तीन प्रारूपों के कप्तान हैं। स्टीव ने 2014-15 में टेस्ट और 2015 वर्ल्ड कप के बाद वनडे टीम कप्तान बनाये गए थे। धोनी अब टीम में विकेट कीपर-बल्लेबाज की भूमिका अदा करेंगे।
आईपीएल के पिछले सत्र में खेलने उतरी नई-नवेली टीम पुणे सुपरजाइंट्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। इसकी वजह इस टीम के कई दिग्गज खिलाडियों का चोटिल हो टूर्नामेंट से बाहर होने के साथ धोनी का लचर प्रदर्शन भी रहा था। धोनी ने इस पूरे सत्र में खेले गए 12 मैचों में 284 रन बनाये थे। 2016 में हुए कुल 14 मैचों में टीम केवल 5 मैच ही जीत सकी थी। 9 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा था। पुणे सुपरजाइंट्स से पहले धौनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल के 8 सत्रों में कप्तानी की है। धोनी की कप्तानी में टीम ने दो बार (2010-11) आईपीएल का ख़िताब अपने नाम किया था। इसके अलावा 6 बार धौनी की कप्तानी में टीम फाइनल में भी पहुंची थी।
गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी ने इससे पहले 2014 में टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी छोड़ी थी। टेस्ट के बाद इसी साल जनवरी में उन्होंने वनडे और टी-20 की कप्तानी भी छोड़ दी थी। धोनी की कप्तानी में भारत 2007 में टी-20 विश्व कप और 2011 में वनडे विश्व कप जितने में सफल रहा था। धोनी को सितम्बर 2007 में पहली बार भारतीय क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया था। धोनी 2008 में टेस्ट टीम के कप्तान बने थे।









