IPL Debut Stars: इंडियन प्रीमियर लीग का मंच हमेशा से नए सितारों को पहचान दिलाने के लिए जाना जाता रहा है, और आईपीएल 2026 में यह सिलसिला जारी है। सोमवार को खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के युवा गेंदबाज साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे ने अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दोनों गेंदबाजों ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4-4 विकेट झटकते हुए अपने आईपीएल करियर का आगाज यादगार बना दिया।
हालांकि, उनके इस धमाकेदार डेब्यू के बावजूद आईपीएल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ डेब्यू गेंदबाजी रिकॉर्ड अब भी मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ के नाम दर्ज है।
SRH के लिए चमके प्रफुल्ल और साकिब
राजस्थान रॉयल्स जैसी मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप के खिलाफ साकिब हुसैन ने 4/24 के आंकड़े दर्ज कर शानदार नियंत्रण दिखाया। वहीं, प्रफुल्ल हिंगे ने भी 4 विकेट झटके और एक खास उपलब्धि अपने नाम की; वे आईपीएल इतिहास में अपने पहले ही ओवर में 3 विकेट (वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस) लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए।
हिंगे ने मिडिल ऑर्डर को ध्वस्त करते हुए मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और SRH की जीत में अहम भूमिका निभाई। इस प्रदर्शन के लिए इन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
लेकिन सबसे बड़ा रिकॉर्ड अब भी MI के नाम
भले ही साकिब और प्रफुल्ल ने डेब्यू में 4-4 विकेट लिए हों, लेकिन आईपीएल डेब्यू में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन का रिकॉर्ड अब भी अल्जारी जोसेफ (Alzarri Joseph) के नाम है।
मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 2019 में अपने पहले ही मैच में 12 रन देकर 6 विकेट झटके थे—जो आज भी आईपीएल डेब्यू का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
इतना ही नहीं यह न केवल आईपीएल इतिहास का सर्वश्रेष्ठ डेब्यू गेंदबाजी प्रदर्शन था, बल्कि उन्होंने उस दौरान सोहेल तनवीर (Sohail Tanvir) के 11 साल पुराने 6/14 के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया था, जो लंबे समय तक आईपीएल का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा रहा था।
भारतीयों में अश्विनी कुमार का रिकॉर्ड खास
भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो अश्विनी कुमार आईपीएल डेब्यू पर 4 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे। उनके नाम यह उपलब्धि बीते वर्ष (2025) में दर्ज हुई थी, जिसने उन्हें रातोंरात चर्चा में ला दिया। इतना ही नहीं अश्विनी कुमार उन चुंनिदा खिलाड़यों में से हैं, जिन्होंने अपने आईपीएल डेब्यू की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल हुई है।
डेब्यू में यादगार प्रदर्शन करने वाले अन्य सितारे
आईपीएल के इतिहास में कई खिलाड़ियों ने पहले ही मैच में खुद को साबित किया है:
- ब्रेंडन मैकुलम (KKR, 2008): डेब्यू मैच में नाबाद 158 रन
- माइकल हसी (CSK, 2008): डेब्यू पर नाबाद 116 रन
- अल्जारी जोसेफ (MI, 2019) – डेब्यू पर 6/12 : मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू करते हुए अल्जारी जोसेफ ने 6 विकेट लेकर सिर्फ 12 रन दिए थे।
- अश्विनी कुमार(MI, 2025): डेब्यू पर 4/24 और प्लेयर ऑफ द मैच
- कूपर कॉनॉली (PBKS, 2026): डेब्यू में नाबाद 72 रन और प्लेयर ऑफ द मैच
पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले खास गेंदबाज
आईपीएल इतिहास में कुछ चुनिंदा गेंदबाज ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने अपने करियर की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया। इस खास सूची में मथीशा पथिराना, इशांत शर्मा और अश्विनी कुमार जैसे नाम शामिल हैं।
भविष्य के स्टार बनने का मौका
साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे का यह प्रदर्शन दिखाता है कि आईपीएल सिर्फ स्टार खिलाड़ियों का मंच नहीं, बल्कि नए टैलेंट के लिए भी सबसे बड़ा अवसर है। यदि दोनों गेंदबाज इस फॉर्म को बरकरार रखते हैं, तो वे आने वाले समय में फ्रेंचाइजी और शायद राष्ट्रीय टीम के लिए भी अहम खिलाड़ी बन सकते हैं।








