IND-W vs AUS-W: 214 पर सिमटी टीम इंडिया, कप्तान–उपकप्तान की फिफ्टी भी नहीं दिला सकी बड़ा स्कोर; गार्डनर ने फिरकी में फंसाया

0
0

IND-W vs AUS-W: ब्रिस्बेन में खेले गए वनडे मुकाबले में महिला क्रिकेट टीम (Indian Women Cricket Team) की बल्लेबाजी उम्मीदों के मुताबिक रंग नहीं जमा सकी और पूरी टीम 48.3 ओवर में 214 रन पर ऑलआउट हो गई। कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना की अहम अर्धशतकीय पारियों के बावजूद भारतीय पारी बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच पाई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एशली गार्डनर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और मेजबान टीम को मैच में मजबूत स्थिति दिला दी।

मंधाना और हरमनप्रीत ने संभाली पारी

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं, जबकि शेफाली वर्मा भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं। शुरुआती झटकों के बाद अनुभवी स्मृति मंधाना ने पारी को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 68 गेंदों पर 58 रनों की संयमित पारी खेली, जिसमें 7 चौके शामिल रहे।

मंधाना के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 84 गेंदों पर 53 रन बनाए, लेकिन स्ट्राइक रेट अपेक्षाकृत धीमा रहा। मिडिल ऑर्डर में जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जल्दी आउट हो गईं, जिससे रन गति पर असर पड़ा।

कश्वी गौतम और ऋचा घोष की उपयोगी साझेदारी

निचले क्रम में कश्वी गौतम ने 43 रनों की जुझारू पारी खेली और विकेटकीपर ऋचा घोष ने 23 रन जोड़कर स्कोर को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहने से भारत कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सका।

ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का अनुशासित प्रदर्शन

कंगारू टीम की गेंदबाजी बेहद सधी हुई रही। एशली गार्डनर ने 7 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट झटके और भारतीय मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। उनके अलावा मेगन शट दो सफलताएं मिलीं। ताहलिया मैक्ग्राथ, अलाना किंग, डार्सी ब्राउन और सोफी मोलिन्यू ने कसी हुई लाइन-लेंथ से रन गति को बांधे रखा, साथ ही सभी के खाते में 1-1 विकेट भी रहे। सभी गेंदबाजों ने 5 ने नीचे की इकॉनमी से रन खर्च किए।

मैच का रुख ऑस्ट्रेलिया की ओर

214 रन का स्कोर वनडे क्रिकेट में चुनौतीपूर्ण जरूर हो सकता है, लेकिन ब्रिस्बेन की पिच और ऑस्ट्रेलिया की मजबूत बल्लेबाजी को देखते हुए मेहमान टीम को अतिरिक्त दबाव बनाना होगा। भारतीय गेंदबाजों के लिए शुरुआती विकेट बेहद अहम होंगे, तभी मुकाबले में वापसी की उम्मीद की जा सकती है।

खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलियाई पारी का स्कोर 10 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 69 रन बना लिए हैं। कप्तान एलिसा हीली क्रीज पर मौजूद हैं और उन्होंने 44 गेंदों में 25 रन बनाए हैं, हालांकि उनका स्ट्राइक रेट धीमा रहा है। दूसरी ओर फीबी लिचफील्ड ने 32 गेंदों में 32 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन वह आउट हो चुकी हैं। जॉर्जिया वॉल बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं, जबकि विकेटकीपर बेथ मूनी 7 रन बनाकर हीली का साथ दे रही हैं। भारतीय गेंदबाज श्री चरणी ने शुरूआती दो झटके दिए हैं। पॉवरप्ले ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में गया लेकिन उसके बाद भारत की ओर से गेंदबाजी में अनुशासन देखने को मिला है, जिससे ऑस्ट्रेलिया की रन गति फिलहाल काबू में नजर आ रही है।