IND vs NZ T20I: कब और कहां होगी भारत-न्यूजीलैंड की अगली भिड़ंत ? जानिए तारीख, जगह से लेकर संभावित प्लेइंग 11 तक सबकुछ

0
3

IND vs NZ T20I: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है। सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में दमदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 48 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब क्रिकेट फैंस की नजरें दूसरे टी20 मुकाबले पर टिकी हैं, जहां एक बार फिर दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।

अगला टी20 मुकाबला कब और कहां?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार, 23 जनवरी 2026 को खेला जाएगा। यह मुकाबला रायपुर के शहीद वीएन सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा मैच 25 जनवरी को गुवाहाटी, चौथा 28 जनवरी को विशाखापत्तनम और पांचवां व अंतिम मुकाबला 31 जनवरी को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। खास बात यह है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले यह भारत की आखिरी अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज है, ऐसे में हर मुकाबला टीम संयोजन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

IND vs NZ T20I सीरीज का पूरा शेड्यूल एक नजर में

नागपुर में पहला मुकाबला जीतने के बाद टीम इंडिया आत्मविश्वास से लबरेज है। रायपुर में होने वाला दूसरा टी20 शाम 7 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 6:30 बजे होगा। यही समय बाकी सभी मुकाबलों के लिए भी तय किया गया है।

मैचतारीखवेन्यूसमय (IST)नतीजा
पहली टी20Iबुधवार, 21 जनवरी 2026विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (नागपुर)शाम 7:00 बजेभारत 48 रनों से जीता
दूसरा टी20Iशुक्रवार, 23 जनवरी 2026शहीद वीएन सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम (रायपुर)शाम 7:00 बजे
तीसरा टी20Iरविवार, 25 जनवरी 2026बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम (गुवाहाटी)शाम 7:00 बजे
चौथा टी20Iबुधवार, 28 जनवरी 2026ACA-VDCA क्रिकेट स्टेडियम (विशाखापत्तनम)शाम 7:00 बजे
पांचवां टी20Iशनिवार, 31 जनवरी 2026ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम (तिरुवनंतपुरम)शाम 7:00 बजे

लाइव टेलीकास्ट और स्ट्रीमिंग

भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 सीरीज के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स 1 और स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी चैनल पर किया जाएगा। वहीं, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। यानी फैंस घर बैठे या मोबाइल पर भी पूरे एक्शन का आनंद ले सकेंगे।

क्या दूसरे टी20 में बदलेगी टीम इंडिया की प्लेइंग-11?

पहला मुकाबला बड़े अंतर से जीतने के बाद टीम इंडिया के विजयी संयोजन में बड़े बदलाव की संभावना कम नजर आ रही है। कप्तान सूर्यकुमार यादव पहले ही संकेत दे चुके हैं कि मौजूदा कॉम्बिनेशन—दो प्रमुख तेज गेंदबाज, एक लीड स्पिनर, तीन ऑलराउंडर और पांच बल्लेबाज—टीम के लिए कारगर साबित हुआ है। सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत अब तक कोई भी द्विपक्षीय टी20 सीरीज नहीं हारा है, जिससे टीम मैनेजमेंट का भरोसा और मजबूत हुआ है।

हालांकि, एक संभावित बदलाव की चर्चा जरूर है। पहले टी20 में गेंदबाजी के दौरान उपकप्तान और ऑलराउंडर अक्षर पटेल के हाथ में चोट लगी थी। मैच के बाद उनकी उंगली पर पट्टी बंधी दिखी, जिससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि एहतियातन उन्हें दूसरे मुकाबले में आराम दिया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो उनकी जगह हर्षित राणा या फिर कुलदीप यादव में से किसी एक को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है।

भारत की संभावित प्लेइंग-11

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल (उपकप्तान), वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।

बेंच पर श्रेयस अय्यर (पहले 3 मुकाबलों के लिए), हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और कुलदीप यादव जैसे विकल्प मौजूद हैं।

न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11

वहीं न्यूजीलैंड की टीम में टिम रॉबिन्सन और डेवोन कॉनवे (विकेटकीपर) के रूप में बल्लेबाजी की शुरुआत होगी, जबकि रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन मध्यक्रम को मजबूती देंगे। अनुभवी डेरिल मिचेल टीम के अहम स्तंभ हैं और ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर कप्तान की भूमिका निभाएंगे। गेंदबाजी में काइल जैमीसन, ईश सोढ़ी और जैकब डफी पर जिम्मेदारी होगी, जबकि क्रिस्टियन क्लार्क टीम को अतिरिक्त विकल्प प्रदान करते हैं।

बेंच पर जेम्स नीशम, माइकल ब्रेसवेल, मैट हेनरी, बेवन जैकब्स और जैकरी फॉल्क्स जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।

रायपुर में क्या होगा खास?

रायपुर का मैदान आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार माना जाता है, लेकिन यहां स्पिनर्स को भी बीच के ओवरों में टर्न मिल सकता है। ऐसे में टीम इंडिया अपनी संतुलित गेंदबाजी इकाई के दम पर एक बार फिर कीवी बल्लेबाजों को दबाव में लाने की कोशिश करेगी। कुल मिलाकर, रायपुर टी20 में भी फैंस को हाई-वोल्टेज मुकाबले की पूरी उम्मीद है, जहां भारत सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करना चाहेगा और न्यूजीलैंड वापसी के इरादे से उतरेगा।