ENG vs IND 2nd Test Day 2: एजबेस्टन मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक शानदार प्रदर्शन किया है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 5 विकेट के नुकसान पर 310 रन बना लिए हैं। कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद शतक (114 रन) जड़ते हुए टीम को स्थिरता दी, जबकि रवींद्र जडेजा 41 रन बनाकर उनके साथ क्रीज पर डटे हुए हैं। दोनों के बीच 99 रनों की साझेदारी हो चुकी है और अगर यह साझेदारी दूसरे दिन भी जारी रहती है, तो भारत बर्मिंघम में अपना अब तक का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर बनाने के करीब पहुंच सकता है।
क्या टूटेगा 2022 का रिकॉर्ड? भारत का अब तक का सर्वोच्च स्कोर 416 रन
भारत ने एजबेस्टन, बर्मिंघम में अब तक सबसे बड़ा स्कोर जुलाई 2022 में बनाया था, जब उसने 416 रन बनाए थे। इसके अलावा अन्य टॉप स्कोर इस मैदान पर इस प्रकार हैं:
- 390 रन (1986)
- 297 रन (1979)
- 277 रन (1967)
- 274 रन (2018)
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि भारत का प्रदर्शन इस मैदान पर औसतन कमजोर रहा है। खास बात यह है कि भारत एजबेस्टन में आज तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत सका है। ऐसे में गिल-जडेजा की यह साझेदारी ऐतिहासिक मोड़ बन सकती है।
वहीं, इस मैदान पर इंग्लैंड के हाई इनिंग स्कोर की बात करें तो इस मैदान पर इंग्लिश टीम ने 2011 में भारत के खिलाफ यहां 710/7 (डिक्लेर) रनों का विशाल स्कोर बनाया था।
पहले दिन के प्रमुख योगदान
- यशस्वी जायसवाल ने दमदार शुरुआत करते हुए 87 रनों की अहम पारी खेली। हालांकि वे शतक से चूक गए। जायसवाल को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने आउट किया।
- करुण नायर ने तीसरे क्रम पर 31 रन बनाए। ब्राइडन कार्स ने नायर का विकेट झटका
- केएल राहुल मात्र 2 रन और नीतीश कुमार रेड्डी सिर्फ 1 रन और ऋषभ पंत 25 का निजी स्कोर बनाकर जल्दी आउट हो गए।
- गेंदबाजों की मददगार पिच पर इंग्लिश गेंदबाजों ने शुरुआती झटके दिए लेकिन भारत ने मध्यक्रम में खुद को संभाल लिया। इंग्लैंड की ओर से सबसे अधिक 2 विकेट क्रिस वोक्स ने लिए।
आगे क्या? पिच और मौसम की भूमिका अहम
दूसरे दिन का खेल अब महत्वपूर्ण होगा, जहां पिच की हालत, मौसम और इंग्लैंड के गेंदबाजों की रणनीति अहम भूमिका निभाएंगे। यदि भारत 450 से 500 रन तक पहुंचता है, तो यह न सिर्फ स्कोर का रिकॉर्ड तोड़ सकता है, बल्कि मैच की दिशा भी तय कर सकता है।