Navratri 2022: नोएडा में Dandiya, Garba और Durga Puja की धूम, धनुची पर जमकर थिरके भक्त शारदीय नवरात्रि के 8वें दिन नोएडा में डांडिया,गरबा और दुर्गा पूजा की धूम रही। इस दौरान महिलाओं ने मां अंबा जी की पूजा की। इसके बाद पूरे धूमधाम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।नोएडा सेक्टर-15, 16, 18, 55 और सेक्टर-137 में रंगारंग कार्यक्रमों ने समा बांध दिया।सेक्टर-137 स्थित गुलशन विवांते सोसाइटी परिसर में गरबा-डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिसमें स्थानीय महिलाओं और बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान सुरीले गुजरती भजनों पर लोग जमकर थिरके।दूसरी तरफ दुर्गा पूजा के आयोजन ने भी माहौल बेहतर कर दिया। भव्य पंडाल में भक्तों ने देवी दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद मांगा।इस मौके पर ढोल और धनुची की थाप पर भक्त जमकर झूमे।

Navratri 2022: जहांगीरपुरी में डांडिया की धूम
जहांगीरपुरी स्थित गुजराती मोहल्ला इन दिनों मिनी गुजरात कहला रहा है।यहां स्थित गुजराती मोहल्ले में गरबा और डांडिया के गीतों की धुनों पर महिलाएं नृत्य कर रही हैं। चणिया -चोली और गुजराती परिधानों में सजे डांडिया के ग्रुप ने सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। स्थानीय निवासी रितुबेन का कहना है कि यहां पर पूरे 10 दिन डांडिया और गरबे की धूम रहती है।पिछले दो दशक से अधिक समय से यहां बड़ी संख्या में गुजराती परिवार रह रहे हैं।इसके साथ ही यहां खासतौर से गुजरात के सर्वश्रेष्ठ गरबा कलाकार बुलाए जाते हैं। जिनकी आवाज और लोकगीतों पर हर आयु वर्ग के लोग जमकर झूमते हैं।कार्यक्रम की शुरुआत मां अंबा जी के पूजन से शुरू होती है। हालांकि पूरे 2 साल बाद यहां कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कोरोना काल में इस प्रकार के कार्यक्रम पूरी तरह से बंद थे।
Navratri 2022: फरीदाबाद में महाअष्टमी पूजन

फरीदाबाद स्थित चार्मवुड और दयालबाग कॉलोनी में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। भव्य पंडाल में मां दुर्गा जी के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ी।स्थानीय निवासी सुजॉय चटर्जी ने बताया कि देवी दुर्गा के भव्य पंडाल में खासतौर से कोलकाता से कलाकार बुलाए गए हैं।
संबंधित खबरें
- Navratri 2022: महागौरी पूजन के साथ ही नवरात्रि के आठवें दिन की धूम, भक्तों ने किया कन्या पूजन
- Navratri 2022: Delhi-NCR के मंदिरों में मां कालरात्रि के जयकारों की गूंज, दर्शन के लिए भक्तों की लगी कतारें