Bihar New CM: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। राज्य के मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के इस्तीफे के बाद भाजपा नेता सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) अब बिहार के नया मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से नेता चुना गया, जिसके साथ ही वह बिहार के इतिहास में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
नीतीश कुमार ने राज्यसभा सदस्य बनने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। पद छोड़ते हुए उन्होंने कहा कि वह नई सरकार को अपना मार्गदर्शन देते रहेंगे और बिहार के विकास में सहयोग जारी रखेंगे। उनके इस्तीफे के साथ राज्य में लंबे समय से जारी उनके नेतृत्व वाले दौर का एक नया अध्याय समाप्त हो गया।
सम्राट चौधरी का पहला बयान
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके लिए सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सेवा का अवसर है। उन्होंने कहा कि वे पूर्ण निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की विचारधारा से प्रेरित होकर वह बिहार को विकास, सुशासन और समृद्धि के नए आयामों तक ले जाने के लिए काम करेंगे।
BJP के लिए ऐतिहासिक क्षण
सम्राट चौधरी की ताजपोशी बिहार की राजनीति में भाजपा के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है। राज्य में पहली बार भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री पद संभालेगा। अब तक भाजपा गठबंधन सरकारों में साझेदार रही है, लेकिन शीर्ष पद जेडीयू या अन्य सहयोगी दलों के पास रहा।
नीतीश कुमार को दिया श्रेय
अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को भी धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने शासन और राजनीति की कई बारीकियां उनसे सीखी हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने समृद्ध बिहार का जो सपना देखा है, उसे पूरा करने के लिए नई सरकार उसी दिशा में काम करेगी।









