गुजरात के बनासकांठा के मुक्तेशवर मठ की साध्वी जयश्री गिरी के घर पर पुलिस ने छापा मारा है। छापे में पुलिस ने दो हज़ार के नोटों में 1.26 करोड़ रुपये, प्रति 100 ग्राम वजन की 24 सोने की छड़ियाँ और शराब की बोतलें बरामद की है। फ़िलहाल पुलिस साध्वी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जयश्री गिरी पहले भी कई विवादों में घिरी हैं। साध्वी पर हत्या जैसे संगीन जुर्म के आरोप भी हैं। एक संघ कार्यकर्ता ने बताया है कि साध्वी ने अपने मठ के गुरु मौनी बाबा की हत्या भी करा दी है। मौनी बाबा 2008 से लापता हैं। हाल ही में साध्वी के साथ रहने वाला चिराग नाम का शख्स गायब हो गया जिसका इल्जाम भी साध्वी पर है।
एक ज्वैलर व्यापारी प्रितेश शाह की शिकायत पर पुलिस ने साध्वी और दो अन्य के खिलाफ़ केस दर्ज किया है। एसपी नीरज बडगूजर ने बताया कि साध्वी और उसके साथियों ने प्रितेश को सस्ते दर पर सोना देने का वादा किया था। इसके बदले में पिछले कुछ महीनों में 5 करोड़ रुपए भी लिए गए थे । लेकिन न तो सोना दिया और न ही रुपये लौटाए। यह बड़े पैमाने पर ठगी का मामला है|
जानकारी के मुताबिक, जयश्री गिरी अपने क्षेत्र की सबसे दबंग साध्वी के तौर पर जानी जाती हैं। करोड़ों की ठगी के मामले में फसने के बाद साध्वी की मुश्किलें और भी बढ़ती जा रही हैं। यह मामला उजागर होने के बाद साध्वी जयश्री गिरी को महामंडलेश्वर के पद से हटा दिया गया है। हालांकि, साध्वी जयश्री गिरी का कहना है कि सोना, नकदी और शराब पुलिस ने उनके आश्रम से जब्त नहीं की है। पुलिस उन्हें झूठे मामले में फसाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पुलिस के सामने भी बरामद सामान को अपना मानने से इन्कार कर दिया।