Republic Day Special: गणतंत्र दिवस सिर्फ परेड, तिरंगा और देशभक्ति गीतों का ही दिन नहीं, बल्कि यह परिवार के साथ खास पल साझा करने का भी अवसर है। ऐसे मौके पर अगर मिठाई भी तिरंगे के रंगों में सजी हो, तो जश्न और भी खास हो जाता है। तिरंगा बर्फी एक ऐसी ही लोकप्रिय स्वीट डिश है, जो देखने में आकर्षक और बनाने में बेहद आसान है। कुछ जगहों पर इसे तीरंगी बर्फी या फिर राष्ट्रीय बर्फी भी कहा जाता है। आइए जानते हैं इस मिठाई को बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत होती है और इसकी रेसेपी क्या होती है।
आवश्यक सामग्री
- 1 कप खोया (मावा)
- 1 कप पिसी चीनी
- ½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 2 बड़े चम्मच दूध
- हरा फूड कलर
- केसरिया (ऑरेंज) फूड कलर
- 1 बड़ा चम्मच घी
- 2 बड़े चम्मच नारियल पाउडर (वैकल्पिक)
घर पर ऐसे तैयार करें तिरंगा बर्फी
इस मिठाई की खासियत इसकी तीन परतें हैं—केसरिया, सफेद और हरा रंग, जो देश के झंडे का प्रतीक हैं। इसे बनाने के लिए मावा (खोया), पिसी चीनी, थोड़ा दूध और इलायची पाउडर की जरूरत होती है। सबसे पहले खोया हल्की आंच पर भूनकर उसमें चीनी और इलायची मिलाई जाती है। इसके बाद मिश्रण को तीन हिस्सों में बांटकर एक हिस्से में केसरिया और दूसरे में हरा फूड कलर मिलाया जाता है, जबकि एक हिस्सा सादा रखा जाता है– यही सफेद परत होगी। चाहें तो इसमें थोड़ा नारियल बुरादा मिला सकते हैं।
परतें जमाएं
एक चिकनी की हुई ट्रे में सबसे पहले हरी परत, फिर सफेद और सबसे ऊपर केसरिया मिश्रण फैलाया जाता है। हल्का दबाकर सेट करने के बाद इसे कुछ समय के लिए फ्रिज में रखा जाता है। जमने के बाद मनचाहे आकार में काटकर सर्व करें।
यह तिरंगा बर्फी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है और आपके गणतंत्र दिवस समारोह में स्वाद के साथ देशप्रेम का रंग भी भर देती है।
Disclaimer: यह रेसिपी सामान्य घरेलू जानकारी और पारंपरिक तरीकों पर आधारित है। APN News स्वाद, परिणाम या किसी भी स्वास्थ्य संबंधी प्रभाव की गारंटी नहीं देता। कृपया सामग्री का उपयोग अपनी आवश्यकता और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार करें।









