दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हमले का आरोपी राजेश कौन? तस्वीर और पहचान सामने आई

0
11
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हमले का आरोपी राजेश कौन?
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता पर हमले का आरोपी राजेश कौन?

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हमलावर की पहचान अब सामने आ चुकी है और फिलहाल उससे सिविल लाइंस थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने हमला क्यों किया। राहत की बात यह है कि मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है और वह नियमित रूप से अपना काम देख रही हैं।

कौन है आरोपी राजेश?

पुलिस पूछताछ में युवक ने खुद को राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया बताया है। वह मूल रूप से गुजरात के राजकोट का निवासी है और उसकी उम्र करीब 41 वर्ष है। इस जानकारी की पुष्टि के लिए दिल्ली पुलिस ने गुजरात पुलिस से भी संपर्क साधा है। वर्तमान में आरोपी द्वारा बताए गए नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है।

सीएम आवास क्यों पहुंचा था आरोपी?

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के किसी परिजन को जेल से छुड़वाने के लिए वह मदद मांगने आया था। उसने मुख्यमंत्री को जो फाइल दिखाई, उसमें संबंधित कोर्ट केस के दस्तावेज थे। पुलिस अब यह जांच रही है कि क्या आरोपी इससे पहले भी जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री आवास पहुंचा था या नहीं।

घटना की टाइमलाइन

  • हर बुधवार सीएम आवास (राजनिवास मार्ग) पर जनसुनवाई होती है।
  • कार्यक्रम सुबह 7 बजे शुरू होता है, जहां राजधानी भर से लोग अपनी शिकायतें लेकर आते हैं।
  • करीब 8 बजे मुख्यमंत्री आरोपी के पास पहुंचीं।
  • उसी वक्त आरोपी ने कागज दिखाने के बहाने उन पर हाथ डाल दिया और थप्पड़ मारने की कोशिश की।
  • सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल उसे काबू कर लिया और सिविल लाइंस थाने ले जाया गया।
  • इसके बाद सीएम का मेडिकल चेकअप कराया गया।
  • शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजेश खिमजी सकरिया और उम्र 41 साल बताई।
  • दिल्ली पुलिस इस मामले में राजकोट पुलिस से लगातार संपर्क में है।

सीएम रेखा गुप्ता की तबीयत

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि घटना के दौरान मुख्यमंत्री जनता से मुलाकात कर रही थीं। तभी आरोपी उनके पास आया और कागज थमाने के बहाने अचानक हाथ पकड़कर खींचने लगा। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की हुई। सचदेवा के अनुसार, डॉक्टरों ने सीएम की जांच की है और वह पूरी तरह ठीक हैं। उनके सिर पर मामूली चोट बताई गई है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता बेहद मजबूत महिला हैं और जनसुनवाई का कार्यक्रम पहले की तरह चलता रहेगा।