ट्रैक्टर रैली की आड़ में 26 जनवरी को दिल्ली में हुई हिंसा को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। हिंसा में शामिल आरोपियों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पकड़े गए आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

इस कड़ी में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने जम्मू से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के मुताबिक जम्मू के रहने वाले मोहिंदर सिंह खालसा और मनदीप सिंह ने 26 जनवरी को लाल किले में हुई हिंसा में अहम भूमिका निभाई थी।
जम्मू कश्मीर पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को दिल्ली लाया जा चुका है। अब इन्हें अदालत में पेश कर दिल्ली पुलिस रिमांड पर लेगी।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी जम्मू के रहने वाले हैं। मोहिंदर सिंह को यूनाइडेट कश्मीर फ्रंट का अध्यक्ष बताया जा रहा है।
इससे पहले 26 जनवरी को लाल किले पर तलवार लहराने वाले शख्स को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा था। 29 साल के जसप्रीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। दिल्ली हिंसा मामले में कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सभी आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।
बता दें कि, किसान दिल्ली की दहलीज पर 3 महीनें से आंदोलन कर रहे हैं। अन्नदाता कृषि कानून को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इस कड़ी में 26 जनवरी के दिन किसान आंदोलन को तेज करने के लिए किसानोें ने ट्रैक्टर रैली निकाली थी। शांतिपूर्ण रैली का वादा था। लेकिन हुआ उसका पूरा उलटा, किसानों ने जमकर हिंसा की , लाल किले के प्राचीर पर तिरंगा फहराया। पुलिस के साथ मारपीट, सरकारी संपत्ती को नुकसान पहुंचाया आदि। दिल्ली पुलिस इन सब की जांच कर रही है। दिल्ली हिंसा का मुख्य आरोपी दीप सिद्धू गिरफ्तार हो गया है।