प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के कई शीर्ष नेताओं ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को सोमवार को उनके जन्मदिन की बधाई दी। श्री मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, ” राष्ट्रपति जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। विभिन्न विषयों पर श्री कोविंद के ज्ञान और दृष्टिकोण से देश बहुत लाभान्वित हुआ है। उनका समाज के हर वर्ग के साथ बेहतरीन तालमेल और जुड़ाव है। मैं उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।”

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया,” वह अपनी सादगी, विचार एवं कार्रवाई की स्पष्टता और गरीब एवं हाशिए के लोगों के वास्ते उनकी चिंता के लिए उनका व्यापक रूप से सम्मान किया जाता है। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”

 

राष्ट्रपति को वित्त मंत्री अरुण जेटली, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और वस्त्र मंत्री स्मृति ईरानी ने बधाई दी और उनके लंबे एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी राष्ट्रपति को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ” राम नाथ कोविंद जी को अपनी शुभकामनाएं और अभिवादन प्रेषित करती हूं।”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी राष्ट्रपति को ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने लिखा,” भारत के सम्मानीय राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। लंबे और स्वस्थ जीवन के शुभकामनाएं करता हूं।”

देश के 14वें राष्ट्रपति श्री कोविंद का जन्म एक अक्टूबर 1945 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में हुआ। वह 25 जुलाई 2017 को राष्ट्रपति चुने गए। इससे पहले वह 2015 से 2017 तक बिहार के राज्यपाल और 1994 से 2006 तक राज्यसभा से सांसद रहें। राजनीति में आने से पहले उन्होंने उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय में 1993 (16 साल) तक वकालत की।

श्री कोविंद ने प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के सहायक के रूप में भी काम किया है और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य चुने जाने से 1994 में राजनीति में आए। राष्ट्रपति का आज 73वां जन्म दिन है।

                                                                                                                       –साभार, ईएनसी टाईम्स