Congress के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस (Oscar Fernandes) का सोमवार को निधन हो गया। 80 साल की आयु में उन्होंने मंगलुरु के येनेपोया अस्पताल (Yenepoya Hospital) में अंतिम सांस ली। फर्नांडिस को इस साल जुलाई में योग का अभ्यास करने के दौरान सिर में चोट लग गई थी। इसके बाद उन्हें मंगलुरु के येनेपोया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑस्कर यूपीए सरकार में परिवहन, सड़क और राजमार्ग और श्रम और रोजगार, भारत सरकार के केंद्रीय कैबिनेट मंत्री थ। उन्हें राहुल गांधी सहित गांधी परिवार के सबसे करीबी विश्वासपात्रों में से एक माना जाता था।
राहुल गांधी ने जताया शोक
राहुल गांधी ने ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर शोक जताया है। ट्वीट कर लिखा “श्री ऑस्कर फर्नांडीस जी के परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। वह कांग्रेस पार्टी में हम में से कई लोगों के लिए एक मार्गदर्शक और संरक्षक थे। उनके योगदान के लिए प्यार से याद किया जाएगा।”
बता दें कि ऑस्कर फर्नांडिस डॉ मनमोहन सिंह की पहली UPA सरकार में एआईसीसी महासचिव, श्रम और रोजगार मंत्रालय के राज्य मंत्री थे। उन्होंने राजीव गांधी के संसदीय सचिव के रूप में कार्य किया। वह 1980 में कर्नाटक के उडुपी निर्वाचन क्षेत्र से 7वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। वह उसी निर्वाचन क्षेत्र से 1984, 1989, 1991 और 1996 में लोकसभा के लिए फिर से चुने गए। बाद में वह 1998 में राज्यसभा के लिए चुने गए।
ये भी पढ़ें- राज्यसभा के पूर्व मनोनीत सांसद और पत्रकार Chandan Mitra का दिल्ली में निधन
2004 में उन्हें राज्यसभा के लिए फिर से चुना गया था। वह 2004 से 2009 तक केंद्रीय मंत्री रहे, उन्होंने सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन, एनआरआई मामले जैसे कई विभागों को संभाला था।
ऑस्कर फर्नांडिस के निधन पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शोक जताया है। कहा “ऑस्कर फर्नांडिस के निधन से अत्यंत दुखी हूं। एक अपूरणीय संरक्षक और मेहनती संगठनात्मक नेता, ऑस्कर जी ने देश और पार्टी की बेहतरी के लिए बहुत योगदान दिया। उनके परिवार, दोस्तों और अनुयायियों के प्रति हार्दिक संवेदना।”
योग करते समय गिरे थे ऑस्कर फर्नांडीस
परिवार के अनुसार ऑस्कर फर्नांडीस का योग करते हुए संतुलन बिगड़ गया था, जिस वजह से वो गिर गए। हालांकि उस समय उन्होंने अपनी चोट को गंभीरता से नहीं लिया। बाद में जब वह अपने नियमित डायलिसिस के लिए सोमवार को अस्पताल गए तो उन्होंने डॉक्टरों को अपने गिरने के बारे में बताया। पता चलने के बाद डॉक्टरों ने उनकी जांच करवाई। जिसमें पता चला कि उनके मस्तिष्क के भीतरी हिस्से में चोट आई है। जिसके बाद उन्हें ICU में भर्ती किया गया।