उत्तर प्रदेश सरकार ने दशहरे के अवसर पर लाखों बेरोजगारों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लंबे समय से प्रतीक्षित पुलिस विभाग में भर्तियों का पिटारा खोल दिया है। योगी सरकार ने गुरुवार को यूपी पुलिस में 56,808 सिपाहियों की भर्ती की घोषणा की है। यूपी पुलिस में सिपाहियों की भर्ती का अभियान एक नवंबर से शुरू होगा।

प्रमुख गृह सचिव अरविंद कुमार ने बताया कि 56,808 सिपाहियों की भर्ती 1 नवंबर से शुरू हो जाएगी। इस भर्ती में 51,216 सिपाही, 3668 जेल वार्डर और 1924 फायरमैन भर्ती होंगे।  यह भर्ती प्रक्रिया जून 2019 तक पूरी कर ली जाएगी।

प्रमुख सचिव ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में सिर्फ लिखित परीक्षा होगी और इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा। 4 जनवरी से लेकर 10 जनवरी तक इन भर्तियों की परीक्षा होगी। जून, जुलाई 2019 तक यूपी पुलिस के कुल 97 हजार सिपाहियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। परीक्षा के दौरान मजिस्ट्रेट और पुलिस बल भी तैनात किए जाएंगे।

यूपी के डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि इस वक्त प्रदेश में लगभग 97 हजार सिपाहियों की कमी है। जल्द ही इसे पूरा करने का उद्देश्य है। प्रदेश में इस समय 29 हजार सिपाही ट्रेनिंग कर रहे हैं। डीजीपी ने कहा कि इस भर्ती में 25 से 30 लाख आवेदन आने की संभावना है।

प्रमुख सचिव गृह ने बताया कि फायर सर्विस में फायरमैन के 1924 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। इसके लिए 5 नवंबर से 4 दिसंबर 2018 तक आवेदन किया जा सकेगा। लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2019 को कराई जाएगी। इसका परीक्षा परिणाम जुलाई 2019 में घोषित कर दिया जाएगा।

वहीं जेल विभाग में जेल वार्डर के 3638 पदों पर भी भर्ती होगी। इसमें से 626 पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 8 जनवरी व 9 जनवरी 2019 को होगी। जुलाई 2019 के अंत में इसका परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here