कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरूवार को अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को आड़े हाथों लिया। रायपुर के इंडोर स्टेडियम में जन स्वराज सम्मलेन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, कि आज आरएसएस के लोग देश के हर संस्थान में घुसकर बैठे हुए हैं। ऐसा तो पाकिस्तान या तानाशाही में होता है। बीजेपी और आरएसएस चाहते ही नहीं है कि देश में गरीबों की आवाज सुनी जाए। आज देश में डर का माहौल बना दिया गया है। अमित शाह पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा, कि एक हत्या का आरोपी देश की राष्ट्रीय पार्टी का अध्यक्ष है।

राहुल गांधी ने कहा, देश के 70 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब सुप्रीम कोर्ट के जज जनता के बीच जाकर कहते हैं कि हमें डराया धमकाया जा रहा है। जबकि आम तौर पर जनता न्याय के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाती है। उन्होंने कहा, यह संविधान पर हमला ही है कि कर्नाटक में एक तरफ विधायक हैं और दूसरी तरफ राज्यपाल। जेडीएस कह रही है कि उनके विधायकों को 100 करोड़ रुपये के ऑफर्स दिए गए हैं। उन्होंने कहा, सांसद पीएम के सामने एक शब्द नहीं बोल पाते हैं, ऐसा तो तानाशाही में होता है।

महिलाओं का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी के शासन में महिलाओं का शोषण किया जा रहा है। आज महिलाओं का काम  सिर्फ पुरुषों के लिए खाना बनाना रह गया है।

राहुल ने कहा, कि अगर कोई 8वीं या 10वीं पास नहीं है तो वो पंचायत का चुनाव नहीं लड़ सकता, लेकिन ये नियम सांसद और विधायकों के लिए लागू क्यों नहीं होता है।

बता दें गुरूवार सुबह ही भाजपा नेता येदुरप्पा ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की है। इससे पहले बुधवार शाम राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा था, कि कर्नाटक में भाजपा के पास पर्याप्त संख्याबल नहीं है, फिर भी वह सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। यह संविधान का मजाक है। आज सुबह भाजपा चाहे जश्न मना ले, लेकिन देश संविधान की हार का शोक मनाएगा।