राष्ट्रसेवा का नया रिकॉर्ड: PM मोदी बने सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री, CM योगी ने दी बधाई

0
0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री (PM) के रूप में सेवा देने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। लगातार 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घकालिक जनसेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं और उनका यह कीर्तिमान देशवासियों के अटूट विश्वास, स्नेह और समर्थन का प्रतीक है।

जनविश्वास और नेतृत्व का अभूतपूर्व उदाहरण

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में ऐसे अवसर विरले ही देखने को मिलते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल शासन तक सीमित न रहकर एक युग की चेतना और राष्ट्रीय आकांक्षाओं का प्रतिनिधि बन जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह सफर उनकी दूरदृष्टि, राष्ट्रनिष्ठा, कठोर परिश्रम और जनकल्याण के प्रति समर्पण का परिणाम है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री ने करोड़ों भारतीयों को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य से जोड़ते हुए देश को नई दिशा प्रदान की है। उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा प्राप्त कर रहा है।

राष्ट्र की प्रगति के लिए शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि उनकी राष्ट्रसेवा की यह यात्रा आगे भी भारत की प्रगति, गौरव और सामर्थ्य की नई गाथाएं लिखती रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित करेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह रिकॉर्ड भारतीय राजनीति और लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिसे देशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों द्वारा उत्साह के साथ देखा जा रहा है।