केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की अचानक तबीयत खराब हो गई है। महाराष्ट्र के अहमदनगर में एक प्रोग्राम के दौरान वो स्टेज पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

इस दौरान महाराष्ट्र के राज्यपाल विद्यासागर राव उनके साथ मौजूद थे। गवर्नर ने ही उन्हें स्टेज पर संभाला। हालांकि, नितिन गडकरी के ऑफिस से बाद में ट्वीट कर जानकारी दी गई कि उनकी तबीयत अब ठीक है और वह अपने अन्य कार्यक्रम में जा रहे हैं।

ये घटना उस वक्त हुई जब नितिन गडकरी राष्ट्रगान के लिए खड़े हो रहे थे। अहमदनगर के महात्मा फुले एग्रीकल्चरल कॉलेज में नितिन गडकरी कॉन्वोकेशन सेरेमनी के मौके पर पहुंचे हुए थे।

बताया जा रहा है कि शुगर की कमी के कारण नितिन गडकरी को अचानक चक्कर आ गए। गडकरी को तुरंत पानी पिलाया गया और पेड़ा खिलाया गया। बीते दिनों से उनका कार्यक्रम लगातार व्यस्त रहा है।

बता दें नितिन गडकरी केंद्र सरकार में सड़क परिवहन मंत्री हैं, इसके अलावा उनपर ही गंगा नदी को साफ करने की भी जिम्मेदारी है।