महाराष्ट्र की राजनीति में बवाल मच गया है। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे ने दिवंगत बाल ठाकरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि ठाकरे सिंगर सोनू निगम की हत्या करवाना चाहते थे।
उन्होंने कहा, ”सोनू निगम को मारने के लिए कई बार साजिश रची गई। उससे पूछिए, अब बालासाहेब नहीं हैं। अब तो वो बता सकता है। कैसे-कैसे शिवसैनिक सोनू निगम को मारने गये थे, बालासाहेब के कहने पर क्या नाता था बालासाहेब और सोनू निगम का? इस मुद्दे पर मेरा मुंह न खुलवाओ।”
राणे ने दावा किया कि बाल ठाकरे ने 2001 में ठाणे के शिव सेना प्रमुख आनंद दिघे की हत्या करवाई थी। बालासाहेब ठाकरे के कर्जत के फार्म हाउस पर किसकी-किसकी मृत्यु हुई, मैं सब सार्वजनिक रूप से बताऊंगा, ऐसा करने लिए मुझे मजबूर ना करे।
निलेश राणे ने यह भी कहा कि उनके पिता नारायण राणे बाला साहेब को सम्मान करते थे। उनके मन में आज भी बालासाहेब के प्रति प्यार है। लेकिन वो कभी इस बात को उन्हें नहीं बता सके।
गौरतलब है कि निलेश राणे ने शिवसेना सांसद विनायक राउत के बयान के जवाब में बाल ठाकरे पर आरोप लगाए हैं। राउत ने कहा था कि नारायण राणे ने 10 साल के राजनीतिक जीवन में 9 लोगों की जान ली यदि उनमें हिम्मत है तो इसका जबाब दे।
बता दें नीलेश राणे 2009 से 2014 तक कांग्रेस के टिकट पर सांसद रहे थे। उन्हें 2014 के लोकसभा चुनाव में विनायक राउत के हाथों हार का सामना करना पड़ा। राणे 2017 तक कांग्रेस में रहे उसके बाद वे महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष में शामिल हो गए।