समाजवादी पार्टी के संस्थापक और संरक्षक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन के मौके पर सुबह से ही मुलायम सिंह को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जिसके बाद मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए बड़ा बयान दिया।

उन्होंने खुद को किंगमेकर बताते हुए कहा कि 2019 में दिल्ली में मेरे बिना सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने सपा नेताओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि मेरे कार्यक्रम मंडल स्तर पर लगाइए। मैं ऐसे हालात पैदा कर दूंगा कि मेरे बिना 2019 में सरकार नहीं बनेगी।

उन्होंने कहा कि सपा की नीतियां गरीबों, किसानों व नौजवानों को साथ लेकर चलने की है। पार्टी महिलाओं को विशेष अवसर देने की पक्षधर है। अगर महिलाएं साथ रहेंगी तो सरकार भी बनेगी और पार्टी भी मजबूत होगी।

वहीं, उन्होंने ये भी कहा कि आज पार्टी में कुछ ऐसे लोग हैं जो कि सपा में तोड़फोड़ कर इसे अलग-थलग कर देना चाहते हैं। कार्यकर्ता पार्टी की नीतियां लेकर जनता के बीच जाएं तो पार्टी मजबूत होगी।

उन्होंने 2019 के चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि यूपी में सपा की सरकार बनेगी ही केंद्र की सत्ता पर कैसे कब्जा होगा इस पर विचार करो। इस मौके पर उनके साथ किरनमय नंदा व अहमद हसन सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।

इससे पहले यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने बच्चों सहित पहुंचकर सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के 80वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी। अखिलेश ने इसकी तस्वीर अपने ट्विटर अकाउंट पर भी डाली और उन्हें (मुलायम) सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलना सिखाने वाला बताया।

मुलायम सिंह का सियासी सफर…

1960 में राजनीति में कदम रखा
1967 में पहली बार विधायक बने
1977 में वो राज्य मंत्री बने
1980 में लोकदल का अध्यक्ष पद संभाला, जो बाद में जनता दल का हिस्सा बन गई
1985-87 तक वे उत्तर प्रदेश में जनता दल के अध्यक्ष रहे
1989 में वो पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने
1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी का गठन किया
1993-95 में वो दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने
केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के पद पर भी रहे
2003 से 2007 में वो तीसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने