दुनिया की सबसे मोटी और वजनी महिला इमान अहमद अब ज्यादा दिनों तक दुनिया की सबसे मोटी महिला नहीं रहेंगी। अपने वजन से परेशान मिस्र की निवासी इमान को इलाज के लिए भारत लाया गया था। मुंबई के सैफी अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं गुरुवार को सैफी अस्पताल के डॉक्टर्स ने इमान के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि जब इमान को भारत लाया गया था तब उनका वजन 500 किलो से ज्यादा था। जिसके वजह से वह दुनिया की सबसे वजनी इन्सान थीं। लेकिन ऑपरेशन के बाद इमान का 100 किलो वजन कम हुआ है। अब उनका वजन घटकर 400 किलो के पास पहुँच गया है।
अस्पताल के मुताबिक इमान की सात मार्च को लेपरोस्कोपिक स्लीव गेस्ट्रेक्टोमी सर्जरी की गई थी, जो कि सफल रही। अभी वो मुंबई के मशहूर बैरियाट्रिक सर्जन मुफजल लकड़ावाला और उनकी टीम की देख-रेख में हैं और उन्हें खाने में सिर्फ तरल पदार्थ ही दिये जा रहे हैं। मेडिकल टीम ने आगे के इलाज के लिए काम शुरू कर दिया है, ताकि उन्हें जल्दी ठीक किया जा सके।
बता दें इमान अहमद पिछले महीने ही भारत आईं हैं उन्हें विशेष विमान से मुंबई इलाज के लिए लाया गया था। पहले विदेश मंत्रालय ने इमान को वीजा देने से माना कर दिया था। लेकिन बाद में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के दखल के बाद उन्हें वीजा दिया गया।
इमान अपने स्वास्थ्य सम्बंधित कारणों से पिछले 25 साल से बिस्तर पर हीं हैं। 11 साल की उम्र के बाद से ही उनका वजन अचानक बढ़ने लगा जिसके बाद वह कभी अपने घर से बाहर नहीं निकल पाई। वजन बढ़ने के कारण उन्हें कई बिमारियों ने घेर लिया है। अभी इमान 36 साल की हैं और उन्हें हाइपरटेंशन, थाइरॉयड, वाटर रिटेंशन, किडनी डिस्ऑर्डर,डायबिटीज ऑब्स्ट्रक्टिव और फेफड़ों की बीमारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि वह जल्द ही स्वास्थ्य हो कर अपने घर वापस लौटेंगी। और फिर से चल-फिर पाएंगी।