MI vs RCB WPL 2026: वुमेंस प्रीमियर लीग 2026 का आगाज एक हाई-वोल्टेज मुकाबले से होने जा रहा है। डब्ल्यूपीएल के चौथे सीजन का पहला मैच गत विजेता मुंबई इंडियंस महिला टीम और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर महिला टीम के बीच खेला जाएगा, जहां कप्तानी की जंग हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना के बीच देखने को मिलेगी।
अब तक के WPL इतिहास पर नजर डालें तो मुंबई इंडियंस सबसे सफल टीमों में शामिल रही है। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में मुंबई ने 2023 और 2025 में खिताब अपने नाम किया, जबकि आरसीबी ने स्मृति मंधाना की कप्तानी में 2024 में पहली बार ट्रॉफी उठाई थी। दिलचस्प बात यह है कि तीनों बार फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम को हार का सामना करना पड़ा।
कब और कहां होगा मुकाबला?
WPL 2026 का यह ओपनिंग मैच 9 जनवरी 2026 को डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें सीजन की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेंगी, जिससे टूर्नामेंट में शुरुआती बढ़त मिल सके।
MI vs RCB: हेड-टु-हेड रिकॉर्ड में मुंबई का पलड़ा जरा भारी
अब तक वुमेंस प्रीमियर लीग में मुंबई और आरसीबी के बीच कुल 7 मुकाबले खेले जा चुके हैं।
- मुंबई इंडियंस: 4 जीत
- रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 3 जीत
आंकड़ों के लिहाज से मुंबई का पलड़ा थोड़ा भारी जरूर नजर आता है, लेकिन आरसीबी ने भी हर बड़े मुकाबले में कड़ा संघर्ष किया है।
किसका चलेगा सिक्का?
हरमनप्रीत कौर का अनुभव और मुंबई का संतुलित संयोजन जहां मजबूत दिखता है, वहीं स्मृति मंधाना की आक्रामक कप्तानी और आरसीबी की बल्लेबाजी किसी भी दिन मैच का रुख पलट सकती है। ऐसे में WPL 2026 का पहला मुकाबला रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है।
WPL 2026 के लिए RCB और MI स्क्वाड
RCB महिला टीम: स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वॉल, गौतमी नाइक, ग्रेस हैरिस, ऋचा घोष, नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, लॉरेन बेल, कुमार प्रथ्योशा, सयाली सतघरे, प्रेमा रावत, दयालन हेमलता, लिन्से स्मिथ।
MI महिला टीम: हेले मैथ्यूज, जी कमालिनी (विकेटकीपर), नेट सेवियर-ब्रंट, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), अमेलिया केर, अमनजोत कौर, संजीवन सजना, पूनम खेमनार, संस्कृति गुप्ता, शबनीम इस्माइल, त्रिवेणी वशिष्ठ, नल्ला रेड्डी, राहिला फिरदौस, मिल्ली इलिंगवर्थ, सायका इशाक, निकोला केरी।









