अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की भांजी मीना हैरिस इस समय काफी चर्चा में छाई हैं। भारत में चल रहे किसान आंदोलन को लेकर कमला हैरिस लगातार ट्वीट कर रही हैं। अपने ट्वीट को लेकर मीना हैरिस सुर्खियों में हैं लेकिन आज मामला कुछ अलग है। यहां पर मीना हैरिस को व्हाइट हाउस के वकीलों ने नोटिस जारी किया है।
व्हाइट हाउस के वकीलों ने चेतावनी दी है कि वो अपनी आंटी के नाम का इस्तेमाल खुद की ब्रांडिंग के लिए न करें। मीना वकील होने के साथ-साथ बिजनेस वूमेन भी हैं। उनकी कंपनी कपड़ों, डिजाइनर हेडफोन्स और बच्चों की किताबों का कारोबार करती है। यहां पर ब्रांडिंग के लिए मीना उपराष्ट्रपति के नाम का इस्तेमाल करती हैं।
मीना हैरिस के स्वेटशर्ट्स पर ‘वाइस प्रेसिडेंट आंटी’ लिखा था। कहा जा रहा है चेतावनी के बावजूद मीना हैरिस ने शपथग्रहण समारोह में जाने के लिए एक प्राइवेट जेट का इस्तेमाल किया था। इसका खर्च एक कैम्पेन डोनर ने उठाया था। बता दें कि उनके ब्रांड के कपड़े अक्सर सेलिब्रिटी या सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पहने देखा गया है।
लॉस एंजेल्स टाइम्स की एक खबर के मुताबिक चुनाव के बाद व्हाइट हाउस के वकीलों ने मीना हैरिस को साफ-साफ बता दिया है कि वो अब अपने किसी भी प्रोडक्ट में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का इस्तेमाल नहीं कर सकती हैं।
लॉस एंजेल्स टाइम्स को दिए गए एक बयान में हैरिस ने खुद का बचाव किया है, उन्होंने कहा, ‘कैंपेन की शुरुआत के बाद से, मैंने सभी कानूनी और नैतिक मानकों को बनाए रखने पर जोर दिया है और बाइडन / हैरिस व्हाइट हाउस के नैतिक नियमों का सख्ती से पालन करना जारी रखूंगी.’
बता दें कि, मीना कमला हैरिस की बहन माया की बेटी हैं। उन्हों स्टैनफर्ड और हार्वर्ड लॉ यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की हैं। मीना ने डेटा प्राइवेसी और साइबर सिक्योरिटी के लिए अटार्नी के तौर पर काम किया है। कुछ ही महीने पहले उनकी किताब ‘Ambitious Girl’ रिलीज हुई थी। उन्होंने अपनी मां और कमला पर भी एक किताब लिखी है। सामाजिक न्याय की वकालत करने वाली हैरिस ने 2016 में महिलाओं के लिए एक अभियान भी चलाया था।