राजस्थान विधानसभा चुनाव टिकट बंटवारे में स्क्रीनिंग कमेटी की प्रमुख कुमारी शैलजा पर 3.5 करोड़ रुपये में टिकट बेचने का आरोप लगा है। कांग्रेस मुख्यालय के टॉयलेट में सोमवार को चस्पा मिले एक पोस्टर में शैलजा पर फलौदी टिकट को 3.5 करोड़ में बेचने का आरोप लगाया गया  है। इस पोस्टर में शैलजा के साथ एक अन्य महिला का फोटो भी छपा है। पोस्टर के अनुसार इस सीट पर विजयलक्ष्मी विश्नोई को 3.5 करोड़ में कांग्रेस का टिकट बेचा गया है।

आपको बता दें कि कांग्रेस ने शैलजा को राजस्थान स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया है। पार्टी ने जून महीने में ही विभिन्न राज्यों में स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन करते हुए शैलजा को राजस्थान की जिम्मेदारी सौंपी थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की स्वीकृति के बाद राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने शैलजा की नियुक्ति की अधिकारिक घोषणा की थी।

वहीं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शैलजा को राजस्थान स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन बनाते हुए ललितेश त्रिपाठी और शाकिर सनादि को बतौर सदस्य नियुक्त किया था। विधानसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के दौरान स्क्रीनिंग कमेटी का अहम रोल रहता है और इसी लिहाज से चुनाव से छह महीने पहले ही इस कमेटी का गठन कर दिया गया था।

बता दें कि कुमारी शैलजा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रही हैं। कुमारी शैलजा कांग्रेस व केंद्र सरकार में विभिन्न पदों पर रही हैं।  1990 में वे महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं थीं। 10वीं लोकसभा के चुनाव में हरियाणा के सिरसा लोकसभा क्षेत्र से चुनी गईं थीं। वहीं पीवी नरसिम्हा राव सरकार में वे शिक्षा एवं संस्कृति मामलों की राज्यमंत्री बनीं थीं। 1996 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के काफी खराब प्रदर्शन के बावजूद कुमारी शैलजा फिर से चुनी गईं। 2004 के लोकसभा चुनाव में अंबाला लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधत्व किया और बाद में केंद्रीय राज्यमंत्री बनी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here