सीनियर वकील प्रशांत भूषण ने योगी सरकार द्वारा चलाए गए ऐंटी रोमियो स्क्वॉड की आलोचना की। प्रशांत भूषण ने रविवार को एक ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि, “रोमियो ने सिर्फ 1 लड़की से प्यार किया जबकि कृष्ण तो छेड़खानी करने के लिए मशहूर थे। क्या आदित्यनाथ में इतनी हिम्मत है कि अपने निगरानी दस्ते का नाम एंटी कृष्ण स्क्वॉड रख सकें?”

बता दें कि उत्तर प्रदेश में लड़कियों से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड बनाया गया था, जो इस समय काफी सुर्खियों में हैं। भूषण से पहले भी कई लोग इस स्क्वॉड के नाम पर आपत्ति जता चुके हैं। आलोचकों का कहना है कि रोमियो शेक्सपियर के एक मशहूर नाटक का पात्र है और रोमियो-जूलियट की प्रेम कहानी अपने आपसी प्यार और समर्पण के लिए पूरी दुनिया में विख्यात है।

प्रशांत भूषण के ट्वीट पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्वीट कर भूषण को जवाब दिया कि, “कृष्ण को समझने में कई जन्म लेने पड़ेंगे। कितनी आसानी से कृष्ण को राजनीति में घसीट लाए। दुःख की बात है।”

भाजपा ने यूपी चुनाव से पहले राज्य में एंटी रोमियो स्क्वॉड गठन करने का वादा किया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च को सीएम पद की शपथ लेते ही इस पर अमल करना शुरू कर दिया। पूरे राज्य में पुलिस टीम ने अभियान चलाया और लड़कियों से छेड़खानी करने वालों को सबक सिखाया। हालांकि इस दौरान लड़के-लड़कियों के साथ बदसलूकी और एकसाथ घूम रहे महिला-पुरुष के साथ बदतमीजी की घटनाएं भी सामने आईं।