उत्तर भारत में ठंड का कहर: कश्मीर जम गया और दिल्ली में कोहरे ने थामी रफ्तार…

0
9
उत्तर भारत में ठंड का कहर
उत्तर भारत में ठंड का कहर

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। कश्मीर घाटी में ठंड से सबकुछ जम चुका है, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में घने कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कोहरे और कम दृश्यता के कारण कई ट्रेनों और उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में उत्तर भारत में शीतलहर और बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 11 और 12 जनवरी को बारिश और शीतलहर की संभावना है, जबकि अन्य राज्यों में भी मौसम के और बिगड़ने के आसार हैं।

कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट

दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे के कारण 26 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कई ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है, और 8 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। इनमें से 4 ट्रेनों के समय में अब तक दो बार परिवर्तन किया गया है।

इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी का अनुमान है। उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में बारिश के साथ ओले पड़ने की भी संभावना है। दिल्ली-एनसीआर, यूपी, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे ने ठंड को और बढ़ा दिया है। यूपी के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल में 11-12 जनवरी को बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में 11 और 12 जनवरी को मौसम करवट ले सकता है। इन दिनों राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और शिमला के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी से यातायात प्रभावित हो सकता है। शिमला, मनाली और नारकंडा में भी बर्फबारी का अनुमान है। निचले इलाकों में शीतलहर और कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

कश्मीर: चिल्ला-ए-कलां में ठंड का प्रकोप

कश्मीर घाटी में ठंड ने जिंदगी को ठहरने पर मजबूर कर दिया है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.3 डिग्री नीचे, गुलमर्ग में शून्य से 8.1 डिग्री और पहलगाम में शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रही है, जो ठंड का सबसे सख्त समय है। इस दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक रहती है और तापमान बहुत कम हो जाता है।

पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे का असर

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई। पंजाब के फाजिल्का में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में दृश्यता शून्य रही, जबकि पटियाला, लुधियाना और बठिंडा में भी कोहरा छाया रहा। हरियाणा में अंबाला का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री, नारनौल में 3 डिग्री और रोहतक में 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

ठंड से निपटने की तैयारी की सलाह

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड और शीतलहर के और तेज होने की चेतावनी दी है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। यात्रियों और स्थानीय निवासियों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।