उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही लगातार भारी बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। राज्य के 14 जिले इस समय गंभीर रूप से प्रभावित हैं, जहां हजारों लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है, साथ ही तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
ये ज़िले सबसे ज़्यादा प्रभावित
- प्रयागराज
- जालौन
- औरैया
- हमीरपुर
- आगरा
- मिर्जापुर
- वाराणसी
- कानपुर देहात
- बलिया
- बांदा
- इटावा
- फतेहपुर
- कानपुर नगर
- चित्रकूट
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, कई क्षेत्रों में सड़कें ध्वस्त, पुल क्षतिग्रस्त और घरों में पानी घुसने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। लोग मजबूरी में सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं। किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है, क्योंकि फसलें जलमग्न हो गई हैं।
नदियां खतरे के निशान पर
लगातार बारिश के कारण प्रदेश की कई प्रमुख नदियां — जैसे गंगा, यमुना, राप्ती, गोमती, शारदा और रामगंगा — अपने खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। उत्तर प्रदेश के बहराइच, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन चुकी है। निचले इलाकों में जलभराव और सड़क मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो चुकी है।
बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश
पिछले 24 घंटों में कुछ जिलों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई:
- बाराबंकी – 320 मिमी
- मुरादाबाद – 270 मिमी
- संभल – 210 मिमी
- हरदोई – 170 मिमी
इन इलाकों में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में जलभराव, ग्रामीण इलाकों में फसल नुकसान, और कच्ची सड़कों को भारी क्षति की आशंका है।
चेतावनी वाले ज़िले
विशेष चेतावनी उन जिलों के लिए जारी की गई है जहां भारी बारिश के साथ-साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा है:
पूर्वी यूपी: वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, भदोही, गाजीपुर, संत कबीर नगर, मऊ, जौनपुर, अंबेडकर नगर
पश्चिमी यूपी: मुरादाबाद, संभल, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, गोंडा, सहारनपुर, मेरठ, नजीबाबाद
मध्य यूपी: लखनऊ, कानपुर, हाथरस, कासगंज
राज्य सरकार और प्रशासन ने प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।









