भारत में कोरोना वायरस के दो नए मरीज मिले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली और तेलंगाना में एक-एक मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई है।
दिल्ली के रहने वाले जिस शख्स में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है वह बीते समय में इटली गया था। वहीं, तेलंगाना का मरीज दुबई गया था।
मंत्रालय ने कहा कि कोरोना से पीड़ित दोनों मरीज की स्थिति स्थिर है। वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। दोनों ही मरीजों की विदेश यात्रा की जानकारी ली जा रही है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्ष वर्धन ने कहा कोरोना की स्थिति के आधार पर यात्रा पर प्रतिबंध बढ़ाए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया 25 हजार से ज्यादा लोगों को सामुदायिक निगरानी में रखा गया है, वहीं 5,57,257 यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है और सैंपल टेस्टिंग के लिए 15 लैब चल रहे हैं।
इससे पहले केरल में कोरोना वायरस के एक मरीज का पता चला था। यह महिला भारत में कोरोना वायरस की पहली मरीज थी। लगातार दो जांच रिपोर्ट नकारात्मक आने के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।